नोएडा पुलिस में बड़ा फेरबदल
चार डीसीपी के कार्यक्षेत्र बदले
डॉ. प्रवीण रंजन सिंह को सेंट्रल नोएडा व श्रवण कुमार सिंह को ग्रेटर नोएडा के डी सी पी जिम्मेदारी
नोएडा (उत्तर प्रदेश) - बॉस इण्डिया टूडे
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में चार डीसीपी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत ट्रैफिक, सेंट्रल नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पुलिस लाइन की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
डॉ. प्रवीण रंजन सिंह को सेंट्रल नोएडा का डीसीपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह डीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके स्थान पर सैयद अली अब्बास को डीसीपी ट्रैफिक बनाया गया है। वह आगरा कमिश्नरेट से स्थानांतरित होकर गौतमबुद्ध नगर आए हैं।
वहीं, श्रवण कुमार सिंह को ग्रेटर नोएडा का डीसीपी नियुक्त किया गया है। उन्होंने रवि शंकर निम की जगह ली है। रवि शंकर निम का स्थानांतरण दूसरे जिले में हो चुका है।
इसके अतिरिक्त शैलेंद्र सिंह को डीसीपी पुलिस लाइन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह सेंट्रल नोएडा के डीसीपी पद पर तैनात थे।
पुलिस कमिश्नरेट में किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन बदलावों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने से जुड़ा है।