कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली में प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं थी - नेहा यादव
कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता
नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन, नेताओं को हिरासत में लेने और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर दिल्ली पुलिस ने आज अपना पहला आधिकारिक बयान जारी किया। इस मामले में दिल्ली पुलिस मुख्यालय में शाम को एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति से लेकर अभिजीत दीपके को दी गई मदद की पेशकश तक कई अहम बातें बताईं।
दिल्ली पुलिस की डीसीपी पीआरओ नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सीजेपी को दिल्ली में प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद पार्टी ने प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार, सीजेपी ने तय नियमों और कानून का पालन नहीं किया। पुलिस ने साफ किया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले पर कार्रवाई की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेहा यादव ने अभिजीत दीपके से जुड़े मामले पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैसे ही दिल्ली पुलिस को अभिजीत दीपके की दादी के निधन की खबर मिली, पुलिस ने तुरंत उनसे संपर्क किया। पुलिस ने इस दुख की घड़ी में उनके प्रति संवेदना जताई। साथ ही, उन्हें भरोसा दिलाया कि अगर वह अपने घर जाना चाहते हैं या उन्हें किसी तरह की सहायता चाहिए, तो दिल्ली पुलिस उनकी मदद करने के लिए तैयार है।
नेहा यादव के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने अभिजीत दीपके से पूछा कि क्या उन्हें घर जाने के लिए बस या फ्लाइट की व्यवस्था करने में मदद चाहिए। पुलिस ने यह भी कहा कि अगर वह अपने माता-पिता या परिवार के किसी दूसरे सदस्य से बात करना चाहते हैं, तो उनकी बातचीत भी करवाई जा सकती है। पुलिस की ओर से उन्हें हर संभव सहायता देने की बात कही गई, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें अपने परिवार तक पहुंचने या उनसे संपर्क करने में परेशानी न हो।
नेहा यादव ने बताया कि पुलिस ने अभिजीत दीपके से कहा कि अगर उन्हें किसी भी तरह की सुविधा या मदद की जरूरत हो, तो वह बिना किसी झिझक के बता सकते हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार, अभिजीत दीपके ने इस सहायता को लेने से मना कर दिया।