घर से चोरों ने लाखों का सामान किया चोरी
परिवार घर को ताले लगा जरुरी काम से गया था गांव
मथुरा - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
थाना रिफाइनरी क्षेत्र की बाद चौकी अंतर्गत कृष्ण वाटिका, आजमपुर कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आई है। गांव से परिवार जब घर लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे और अलमारियों के ताले टूटे मिले और घर का सारा सामान भी बिखरा पड़ा था।
चोरों ने बंद घर को अपना निशाना बनाया और लाखों रुपये के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कीमत साढ़े 7 लाख रुपये बताई है। मकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि वह किसी काम से गांव गए हुए थे जब शाम 7 बजे घर लौटे तो बाहर के गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पवन कुमार के मुताबिक, चोर घर से सोने की चेन, नकदी, एक लैपटॉप, एक बैटरी और एक गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। इसके अलावा कुछ जरूरी कागजात भी गायब होने की आशंका है। पीड़ित ने बताया कि घर में रखी घड़ियों और मोबाइल फोन को चोरों ने हाथ नहीं लगाया, जबकि अलमारियों के ताले तोड़कर सामान निकाला गया।
पवन का कहना है कि वह पहले भी कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहे हैं, लेकिन कभी चोरी की घटना नहीं हुई। इस बार केवल एक दिन के लिए गांव जाने पर वारदात हो गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी उन्हें घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित को सामान न छूने की हिदायत दी, ताकि जांच की जा सके।
पवन कुमार ने पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है। फिलहाल, चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों का पता नहीं चल सका है। चोर मकान में कब घुसे और किस रास्ते से फरार हुए, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।