भावना कंठ ने रचा इतिहास
वायुसेना की पहली महिला बनीं फाइटर कॉम्बैट लीडर
नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट में प्रतिष्ठित फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया है। इस उपलब्धि के साथ वह भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर कॉम्बैट लीडर बन गई हैं।
भावना कंठ की इस उपलब्धि को भारतीय वायुसेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और सशक्त भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स अत्यंत चुनौतीपूर्ण और प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल है, जिसमें वायु युद्ध की रणनीति, नेतृत्व क्षमता तथा ऑपरेशनल कौशल को और अधिक विकसित किया जाता है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद भावना कंठ ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह से मुलाकात की। वायुसेना प्रमुख ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
भावना कंठ की सफलता देश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत, अनुशासन और साहस के बल पर महिलाएं किसी भी चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं।