Thursday, 19 November 2026
अनिल सच्चर जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से विशेष साक्षात्कार

अनिल सच्चर जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से विशेष साक्षात्कार

MLA साहिब

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027

विशेष साक्षात्कार

अनिल सच्चर

जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र 

भाजपा टिकट के दावेदार से खास बातचीत

1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान पाकिस्तान के सियालकोट से जालन्धर आकर बसे अनिल सच्चर का परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और जनसंघ की विचारधारा से जुड़ा रहा है। संघर्षों से भरे बचपन से लेकर भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों तक का सफर तय करने वाले अनिल सच्चर आज जालन्धर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के दावेदार हैं।

बिग बॉस इण्डिया टूडे हिन्दी न्यूज चैनल के मुख्य संपादक रमेश महेन्द्रू के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने अपने पारिवारिक संघर्ष, राजनीतिक सफर, संगठन के प्रति निष्ठा और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी उम्मीदों पर खुलकर बात की।

प्रश्न : अनिल सच्चर जी, आपकी मुस्कान और शांत स्वभाव आपकी पहचान है। आपके बचपन और पारिवारिक संघर्षों ने आपके व्यक्तित्व को किस प्रकार प्रभावित किया?

अनिल सच्चर : मेरे पिता स्वर्गीय बनारसी दास जी आरएसएस के कार्यकर्ता और जनसंघ के समय वार्ड अध्यक्ष थे। 1947 में हमारा परिवार सियालकोट से जालन्धर आकर बसा। वर्ष 1970 में पिता जी का निधन हो गया। उस समय मेरी आयु लगभग 11-12 वर्ष थी। दो बड़ी बहनों और मां की जिम्मेदारी मेरे कंधों पर आ गई। परिवार ने मिलकर मेहनत-मजदूरी की और जीवन में आगे बढ़े। मेहनत, ईमानदारी, सेवा, समर्पण और कर्मठता के संस्कार मुझे परिवार से मिले।

प्रश्न : आपकी राजनीतिक यात्रा कब शुरू हुई?

अनिल सच्चर : वर्ष 1980 में मेरे पिता के मित्र ठाकुर गणपत राय, कैलाश चंद्र, रजिन्द्र सैन छाबड़ा और रजिन्द्र शर्मा पहलवान जैसे संघ एवं भाजपा से जुड़े नेताओं ने मुझे भाजपा से जोड़ा। तभी मेरी राजनीतिक यात्रा शुरू हुई।

प्रश्न : भाजपा में आपने कौन-कौन से पदों पर कार्य किया?

अनिल सच्चर : मैंने वार्ड सचिव एवं महासचिव, भाजयुमो जिला सचिव, भाजपा जिला महासचिव, भाजपा व्यापार सेल पंजाब महासचिव, पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा ऑल इंडिया हैंडलूम बोर्ड सदस्य के रूप में कार्य किया। मैं तीन बार भाजपा पंजाब प्रदेश सचिव रहा हूं। वर्तमान में भाजपा जगरांव चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहा हूं।

प्रश्न : आपने 2012 में पार्षद का चुनाव भी लड़ा था। उस अनुभव को कैसे देखते हैं?

अनिल सच्चर : भाजपा टिकट पर 2012 में पार्षद का चुनाव लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली। मेरे लिए चुनाव परिणाम से अधिक महत्वपूर्ण संगठन और जनता के बीच लगातार काम करना है।

प्रश्न : भाजपा की विचारधारा से आपका जुड़ाव क्यों है?

अनिल सच्चर : मैं गौरवान्वित हूं कि ऐसी पार्टी का सदस्य हूं, जिसके दूरदर्शी नेता नरेंद्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं। भाजपा की विचारधारा देशभक्ति, राष्ट्रहित, विकास और समाज सेवा पर आधारित है। पार्टी, समाज और देश की सेवा करके मुझे आत्मिक संतोष मिलता है।

प्रश्न : आपके राजनीतिक प्रेरणास्रोत कौन हैं?

अनिल सच्चर : मैंने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ काम किया है। मनोरंजन कालिया जी के साथ काफी काम करने का अवसर मिला। वर्ष 2012 में उनके चुनाव का प्रभारी भी रहा। वह सूझवान, ईमानदार और स्वच्छ छवि के नेता हैं। उनसे मैं काफी प्रेरित हूं।

प्रश्न : आप जालन्धर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से 2027 में भाजपा टिकट के दावेदार हैं। आपकी दावेदारी क्या है?

अनिल सच्चर : मैंने हमेशा संगठन के लिए काम किया है। भाजपा में संगठन ही कार्यकर्ता की भूमिका तय करता है। मैं 2027 में जालन्धर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने का इच्छुक हूं। हाईकमान से मांग है कि मुझे टिकट देकर पार्टी, जनता और कार्यकर्ताओं की सेवा का अवसर प्रदान किया जाए। हालांकि हाईकमान का निर्णय मेरे लिए सर्वमान्य होगा।

प्रश्न : यदि आपको टिकट नहीं मिलती तो आपकी प्रतिक्रिया क्या होगी?

अनिल सच्चर : पार्टी हाईकमान का निर्णय सर्वमान्य होगा। मैं समर्पित कार्यकर्ता हूं और संगठन की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। मेरा सुझाव है कि भाजपा की टिकट किसी मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता को ही मिलनी चाहिए।

प्रश्न : व्यापारी वर्ग के लिए आपकी क्या भूमिका रहती है?

अनिल सच्चर : मैं कपड़ा व्यापारी हूं और जालन्धर होलसेल क्लाथ मर्चेंट एसोसिएशन का अध्यक्ष हूं। व्यापारियों की समस्याओं को समझना, उनके हितों की रक्षा करना और संबंधित अधिकारियों तक उनकी आवाज पहुंचाना मेरी जिम्मेदारी है।

प्रश्न : पंजाब के विकास को लेकर आपका लक्ष्य क्या है?

अनिल सच्चर : मेरा सपना है कि पंजाब के सभी शहरों और गांवों का विकास हो। पंजाब अपराध, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और नशे से मुक्त हो। युवाओं को रोजगार मिले, व्यापार बढ़े और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हों।

प्रश्न : जालन्धर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के लोगों से क्या कहना चाहेंगे?

अनिल सच्चर : जालन्धर के लोगों के सुख-दुख में शामिल होना मेरी दिनचर्या है। मैं हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के प्रयास करता हूं। यदि पार्टी मुझे 2027 में चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो पूरी ईमानदारी और समर्पण से जनता एवं कार्यकर्ताओं की सेवा करूंगा।

मेरे जीवन का मूल मंत्र है— मेहनत, ईमानदारी, सेवा, समर्पण और कर्मठता। समाज एवं देश की सेवा ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

विशेष प्रस्तुति : बिग बॉस इण्डिया टूडे हिन्दी न्यूज चैनल

Published on: 19 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111