Thursday, 19 November 2026
महंगे शौक, लग्जरी यात्राओं और दोस्तों की पार्टियों पर उड़ाई ठगी की रकम  - पोते समेत दो गिरफ्तार

महंगे शौक, लग्जरी यात्राओं और दोस्तों की पार्टियों पर उड़ाई ठगी की रकम  - पोते समेत दो गिरफ्तार

दादा के बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी

 महंगे शौक, लग्जरी यात्राओं और दोस्तों की पार्टियों पर उड़ाई ठगी की रकम  - पोते समेत दो गिरफ्तार

नई दिल्ली । बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

महंगे शौक पूरे करने, लग्जरी यात्राएं करने और दोस्तों के साथ पार्टियां मनाने के लिए अपने ही 87 वर्षीय दादा के बैंक खाते से करीब 29.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने पोते समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बुजुर्ग के बैंक खाते से अवैध रूप से रकम निकालकर अपने और साथी के बैंक खातों में ट्रांसफर की थी।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी अभिषेक राघव (22) और तुषार चौधरी (22) के रूप में हुई है। अभिषेक पीड़ित जगदीश सिंह का पोता है, जबकि तुषार उसका सहयोगी बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अश्वनी राघव ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से धोखाधड़ी करके पैसे निकाले गए। जांच के दौरान कुल 29,50,892 रुपये की रकम का गबन सामने आया।

बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच में पता चला कि धोखाधड़ी की रकम में से 9,26,892 रुपये अभिषेक के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

डीसीपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि अभिषेक का मोबाइल नंबर उसके दादा के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। उसने बैंक खाते से संबंधित जानकारियों का दुरुपयोग करते हुए अपने साथी तुषार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ठगी की रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं। इसके अलावा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां करने और अपने महंगे निजी शौक पूरे करने पर भी लाखों रुपये खर्च किए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ठगी की रकम से 2.75 लाख रुपये की एक कार भी खरीदी और उसमें 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम लगवाया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है तथा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

फिलहाल दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस शेष रकम का पता लगाने और इस धोखाधड़ी में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Published on: 18 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111