आप’ के कुशासन और कांग्रेस के पाखंड के खिलाफ बजाया चुनावी बिगुल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखा किया रवाना
डेरा सचखंड बल्लां में संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लेने के बाद सात राज्यों और 47 शहरों से गुजरने वाली 2,500 किलोमीटर लंबी यात्रा को किया रवाना
जालंधर। एस एन एन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने आज जालंधर की पवित्र धरती से देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के मद्देनजर उनकी शाश्वत शिक्षाओं को सात राज्यों और 47 शहरों के हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से समर्पित है।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता तरुण चुघ और प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में यात्रा को रवाना करने से पहले श्री नितिन नबीन ने डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेककर संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद लिया। भगवान वाल्मीकि जी, श्री गुरु रविदास जी महाराज और महान गुरु साहिबानों के समक्ष नतमस्तक होने के बाद श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मभूमि पटना साहिब से संबंध रखने वाले श्री नबीन ने ‘सत श्री अकाल’ कहकर संगत का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संत समाज के आशीर्वाद से यह यात्रा त्याग, भाईचारे और समानता के संदेश के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एकजुट करेगी।
गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई, 2026) के दिन काशी से कलश वंदना यात्राओं के साथ शुरू हुए इस अभियान के देशव्यापी विस्तार का उल्लेख करते हुए श्री नवीन ने समाज के हर वर्ग की माताओं, बेटियों और नागरिकों का धन्यवाद किया, जो गुरु जी की वाणी को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री गुरु रविदास जी की विरासत को अभूतपूर्व सम्मान दिया है। इसमें आदमपुर हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखना, संत निरंजन दास जी को पद्मश्री से सम्मानित करना, मध्य प्रदेश के सागर में 101 करोड़ रुपये की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण और काशी में उनके जन्मस्थान पर सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है।
श्री गुरु रविदास जी के ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न’ के आदर्श से प्रेरणा लेते हुए श्री नवीन ने कहा कि मोदी सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और पीएम-अजय जैसी योजनाओं के माध्यम से हर गरीब और सुविधाओं से वंचित परिवार को सशक्त बना रही है, ताकि पिछड़े वर्गों के युवा भी डॉक्टर और इंजीनियर बन सकें।
कानून-व्यवस्था और उद्योगों का पतन: उद्योगों के बंद होने और रोजगार के अवसर खत्म होने की ओर इशारा करते हुए श्री नवीन ने कहा कि आज पंजाब की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि अपराधियों और गैंगस्टरों के राज में पुलिस कर्मचारी और पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं, जबकि महिलाओं को बुनियादी सुरक्षा भी नहीं मिल रही है।
केजरीवाल का एटीएम और ‘करोड़पति’ का दिखावा: मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब में कानून का राज नहीं है, बल्कि अरविंद केजरीवाल की जेबें भरने के लिए कानून बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी, आपने खुद को केजरीवाल का एटीएम बनने दिया है और ‘बदलाव’ के नाम पर लोगों का पैसा लूटा जा रहा है।
नितिन नबीन ने पंजाब के लोगों से भाजपा और एनडीए को आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने कहा, “जब पंजाब सुरक्षित, खुशहाल और विकसित बनेगा, तभी भारत 2047 तक विकसित भारत बनने का लक्ष्य हासिल कर सकेगा।”
इस अवसर पर मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पंजाब मामलों के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा, अलका गुर्जर, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, अविनाश राय खन्ना (सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष), संदीप पाठक, सतनाम सिंह संधू (राज्यसभा सांसद), राजेश बग्गा, अनिल सरीन, रजनीश धीमान, परमिंदर बराड़ (सभी महासचिव), पंजाब एससी मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल, चरणजीत सिंह अटवाल, सुशील रिंकू, अविनाश चंद्र, अशोक सरीन सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे।