Thursday, 19 November 2026
पंजाब सरकार के खिलाफ भाजपा की चार्जशीट मुहिम मुख्यमंत्री के हलके से शुरू होगी — सुनील जाखड़

पंजाब सरकार के खिलाफ भाजपा की चार्जशीट मुहिम मुख्यमंत्री के हलके से शुरू होगी — सुनील जाखड़

पंजाब सरकार के खिलाफ भाजपा की चार्जशीट मुहिम मुख्यमंत्री के हलके से शुरू होगी — सुनील जाखड़

भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर लोगों की शिकायतें और सरकार से जुड़ी उनकी समस्याएं दर्ज करेंगे।

जालन्धर। नूपुर महेन्द्रू 

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामियों, भ्रष्टाचार और लोगों के साथ हुई कथित ज्यादतियों को उजागर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने चार्जशीट समिति बनाई है। समिति की पहली बैठक के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और समिति के चेयरमैन सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया को एक दस्तावेज तक सीमित रखने के बजाय इसे लोगों की आवाज बनाया जाएगा। बैठक में पंजाब प्रभारी एवं सांसद सतीश पूनियां और सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा भी विशेष रूप से शामिल हुए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाखड़ ने कहा कि पंजाब का हर वर्ग मौजूदा सरकार से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार, नशे, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद, फिरौती, बेरोजगारी और पंजाब से उद्योगों के पलायन जैसे गंभीर मुद्दों से निपटने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कथित ज्यादतियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की घटनाओं को भी सरकार के खिलाफ चार्जशीट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान भाजपा उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने की कोशिश की गई, जिसके चलते सुप्रीमकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दोबारा चुनाव कराने की नौबत आई।

जाखड़ ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर लोगों की शिकायतें और सरकार से जुड़ी उनकी समस्याएं दर्ज करेंगे। इसके लिए एक वेबसाइट भी शुरू की जाएगी, जिस पर लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ हुई ज्यादतियों और पुलिस की कथित धक्केशाही से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

 उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार बनने पर पार्टी की चार्जशीट के आधार पर पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई जाएंगी और कानूनी कार्रवाई के जरिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की कोशिश की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुहिम की शुरुआत मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी से होगी। जाखड़ ने आरोप लगाया कि दिल्ली के नेता अरविंद केजरीवाल भगवंत मान को रिमोट से चलाते हैं और पंजाब की मौजूदा खराब स्थिति के लिए असल में वही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ लगे आरोपों को भी चार्जशीट में शामिल किया जाएगा।

एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर जाखड़ ने कहा कि विपक्षी दलों को सियासी बयानबाजी के बजाय तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में किसी भी पात्र पंजाबी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा कोई मतदाता सामने नहीं आया है जो पंजाब का स्थायी निवासी हो और जिसका नाम सूची से काटा गया हो।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा पर टिप्पणी करते हुए जाखड़ ने कहा कि चन्नी अपनी यात्रा उन सड़कों पर कर सकते हैं, जिन पर पैचवर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि गुटों में बंटी कांग्रेस ने कभी भी आम आदमी पार्टी की सरकार की नाकामियों के खिलाफ आवाज नहीं उठाई।

Published on: 18 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111