वीजा नियमों का उल्लंघन करने पर 6 बांग्लादेशी अरेस्ट
दिल्ली पुलिस का अभियान, निर्वासन की शुरू हुई प्रक्रिया
नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
दिल्ली पुलिस ने वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले 6 विदेशी बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने इनके निर्वासन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मध्य दिल्ली में होटलों और गेस्ट हाउसों में विदेशी नागरिकों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसी दौरान नबी करीम स्थित होटल सार्थक प्लेस में ठहरे 6 बांग्लादेशी नागरिकों की जांच की गई।जबकिं उनके पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया।
जांच में पता चला कि सभी के पास डबल एंट्री वीजा था, लेकिन उन्होंने प्रत्येक यात्रा के लिए निर्धारित 15 दिनों की अधिकतम अवधि से अधिक समय तक भारत में रहकर वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया। वीजा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद सभी को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के समक्ष पेश किया गया।
एफआरआरओ ने मामले का संज्ञान लेते सभी के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किया और उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेजने के निर्देश दिए। दिल्ली पुलिस की टीम अभी और ऐसे लोगों की जांच पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि सभी बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अब डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।