नूरमहल स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान पहुँचे मनीष सिसोदिया व दीपक बाली
नूरमहल (पंजाब) - एम नूपुर
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया तथा पंजाब टूरिज्म बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली पहुँचे। उन्होंने संस्थान परिसर का अवलोकन करते हुए वहां संचालित विभिन्न आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सेवा-आधारित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने भारत सरकार द्वारा सम्मानित कामधेनु गौशाला, जैविक खेती, दिव्य सरोवर तथा दिव्य दर्शन भवन का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त संस्थान द्वारा समाजहित में संचालित अनेक प्रेरणादायक प्रकल्पों के बारे में भी जाना। विशेष रूप से उन्होंने “अंतर क्रांति” पहल के अंतर्गत तिहाड़ जेल के कैदियों द्वारा फूलों से बनाए जा रहे रंगों, तथा नेत्रहीनों द्वारा निर्मित मोमबत्तियों एवं साबुनों को देखा और इन प्रयासों की सराहना की।
संस्थान के “प्रकल्प मंथन” के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए संचालित विद्यालयों एवं शैक्षिक सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्थान आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक उत्थान, शिक्षा, स्वावलंबन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होनें श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्यों स्वामी परमानंद जी, स्वामी गिरिधरानंद जी एवं स्वामी सज्जनानंद जी से इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात में संस्थान की सेवाओं, मूल्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों पर सकारात्मक चर्चा की।
सिसौदिया ने संस्थान द्वारा मानवता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।