दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन में 10वीं मंजिल से गिरने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत
नई दिल्ली :- बिग बॉस इण्डिया टुडे डेस्क
दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन क्षेत्र में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जिसमें 5 वर्षीय मासूम बच्ची की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके और परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात के समय हुआ। बच्ची अपने परिवार के साथ कालकाजी स्थित आशा किरण अपार्टमेंट में रहती थी। बताया जा रहा है कि बच्ची शाम को सो गई थी और कुछ समय बाद जब उसकी नींद खुली तो उसने अपनी मां को आसपास नहीं देखा। मां को तलाशते हुए वह बालकनी तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि बालकनी से नीचे झांकते समय बच्ची रेलिंग पर झुक गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई। परिजन और आसपास के लोग तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। प्रारंभिक जांच में घटना को दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए ऊंची इमारतों की बालकनियों और खिड़कियों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।