दिलजीत दोसांझ ने खालिस्तान समर्थकों को दिया करारा जवाब
दिलजीत दोसांझ जैसे देशभक्तों पर गर्व - अमरजीत सिंह अमरी
जालन्धर - नुपुर
पंजाब भाजपा कार्यकारिणी सदस्य अमरजीत सिंह अमरी ने कहा कि गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने उनके प्रोग्राम में खालिस्तानी झंडा दिखाने वाले अराजक तत्वों को करारा जवाब दिया है। यह इस बात का प्रमाण है कि खालिस्तान समर्थकों की कोशिशें कभी कामयाब नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव देशभक्तों का सम्मान करती है और दिलजीत का तहेदिल से धन्यवाद करती है, जिसने राष्ट्रविरोधी ताकतों को करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि खालिस्तान समर्थकों ने बार-बार मुंह की खाई है। पंजाबियों के दिल में सिर्फ पंजाब बसता है और पंजाबी जहां भी जाते हैं वे हमेशा पंजाब की बात करते हैं। पंजाब का नाम ऊंचा करते रहेंगे। अगर किसी अराजक तत्व को लगता है कि वो अपने लाभ के लिए पंजाब के नाम का दुरुपयोग करेगा तो उसे जवाब देने के लिए दिलजीत दोसांझ जैसे पंजाबी हमेशा आगे आते रहेंगे।
अमरी ने कहा कि दिलजीत दोसांझ ने पूरे विश्व में पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत को गौरवान्वित किया है और हमें दिलजीत पर गर्व है।