Tuesday, 9 June 2026
तरनतारन - सोना करोबारी के ठिकानों पर ई डी की रेड

तरनतारन - सोना करोबारी के ठिकानों पर ई डी की रेड

सोना करोबारी के ठिकानों पर ई डी की रेड

कारोबारी के आर्थिक संबंध और लेनदेन  की हो रही है जांच 

तरनतारन - बी बी आई  टी डेस्क 

जिले में सोना कारोबारी के मोहल्ला गुरु का खूह चौक स्थित पुश्तैनी घर में ईडी की टीम ने दबिश दी। मिली जानकारी के अनुसार ईडी टीम ने कारोबारी बिक्रमजीत सिंह उर्फ बंटी के 3 ठिकानों पर दबिश दी है। ईडी की कार्रवाई से अन्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने कारोबारी की दुकान, पुश्तैनी घर और कोठी में दस्तावेजों तथा बैंक लेनदेन की गहन जांच की।

जानकारी के अनुसार कल सुबह दस बजे ईडी की दो टीमें गुरु बाजार स्थित आभूषण की दुकान पर पहुंचीं। उस समय कारोबारी बंटी के पिता कुलवंत सिंह वहां मौजूद थे। अधिकारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक दुकान से जुड़े कारोबार, दस्तावेजों और लेनदेन के रिकार्ड की जांच की।

जबकि एक अन्य टीम ने गुरु का खूह चौक स्थित घर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान परिवार की महिलाओं को घरेलू कामकाज जारी रखने के लिए कहा गया।  जिससे पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई। इसके बाद टीम ने दीप एवेन्यू कालोनी स्थित गुरुद्वारा लकीर साहिब के पास बनी कोठी में भी दबिश दी। करीब 12 सदस्यों वाली टीम ने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की। चार अलग-अलग बैंकों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर खातों में हुए लेनदेन का विवरण प्राप्त किया गया।

सूत्रों के अनुसार कारोबारी के एक करीबी रिश्तेदार का संबंध दिल्ली के बड़े निर्माण कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां इसी कड़ी को ध्यान में रखते हुए कारोबारी के आर्थिक संबंधों और लेनदेन की जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब चार माह पहले भी ईडी की टीम ने इसी कोठी में दबिश दी थी, लेकिन उस समय भी कारोबारी घर में मौजूद नहीं मिला था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन शहर में पूरे दिन इस छापेमारी की चर्चा बनी रही। जांच एजेंसियां अब कारोबारी के वित्तीय रिकॉर्ड और संभावित कारोबारी संबंधों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।

Published on: 18 May 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111