ट्रैफिक पुलिस कर्मी का नाके पर रिश्वत लेते वीडियो वायरल
निष्पक्ष जांच होगी,दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई - डी एस पी ओंकार सिंह बराड़
नूरमहल - बी बी आई टी डेस्क
जालंधर के नूरमहल बाइपास पर एक ट्रैफिक नाके के दौरान एक पुलिस कर्मी के कथित रूप से रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गया है। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू हो गई है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैफिक नाके पर तैनात एक पुलिस कर्मी एक ट्रक चालक को रोकता है और उससे वाहन संबंधी दस्तावेज दिखाने के लिए कहता है। इसी दौरान चालक पुलिस कर्मी को कुछ नकदी देता दिखाई देता है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद पुलिस कर्मी ने बिना किसी अन्य कार्रवाई के बैरिकेड हटाकर ट्रक को आगे जाने की अनुमति दे दी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना ट्रक में लगे डैश कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। बाद में ट्रक चालक ने इस वीडियो को इंटरनेट पर सांझा कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
नूरमहल के एसएचओ लाभ सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। वहीं, डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने कहा कि ट्रैफिक नाकों पर तैनात कर्मचारियों का दायित्व नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और यदि कोई पुलिस कर्मी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।