श्रीगंगानगर ट्रेन ट्रैक ब्लास्ट - दो मुख्य आरोपी पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार
राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
महिला आरोपी से दो हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद
श्रीगंगानगर । शिखा न्यूज नेटवर्क
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके (ब्लास्ट) के मामले में राजस्थान पुलिस की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड और श्रीगंगानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब पुलिस के सहयोग से पंजाब के गुरदासपुर जिले से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान महिला आरोपी के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट की वारदात को अंजाम देने के लिए दिए गए 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21) और देवेंद्र सिंह (23) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में सीधे तौर पर शामिल थे।
दोनों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां इस साजिश के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुट गई हैं।
राजस्थान पुलिस के एडीजी दिनेश एम.एन. स्वयं पंजाब के गुरदासपुर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व एवं समन्वय किया। इस संयुक्त अभियान में श्रीगंगानगर के एएसपी नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और एटीएस के एएसपी सुरेंद्र सिंह भी शामिल रहे। गुरदासपुर पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा एजेंसियां इस ब्लास्ट मामले में पाकिस्तान कनेक्शन के पहलू से भी गहन जांच कर रही हैं। एजेंसियों को आशंका है कि इस वारदात के पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ हो सकता है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हथियार, कारतूस और फंडिंग कहां से उपलब्ध करवाई गई थी तथा उन्हें रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के निर्देश किसने दिए थे।
जांच एजेंसियां अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं।