श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समरसता संकल्प यात्रा
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों हरी झंडी दिखा करेंगे यात्रा कौ रवाना - राकेश राठौर
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर की यात्रा स्थल पर विशेष चर्चा
जालंधर - एस एन एन
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कार्यक्रम स्थल का दौरा किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आगमन को देखते हुए राकेश राठौर ने कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों और व्यवस्थाओं का विशेष रूप से निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश सचिव एवं जिला जालंधर प्रभारी सूरज भारद्वाज भी उपस्थित रहे। राकेश राठौर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा कर वहां की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जालंधर देहाती के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के साथ सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था तथा कार्यक्रम में पहुंचने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
राकेश राठौर ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा एवं अन्य सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं, संगत और अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की महान शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का संदेश देती हैं। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव रहित समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।