Sunday, 12 April 2026
सुरों की मल्लिका आशा भोंसले का निधन,संगीत की दुनियां में शोक की लहर

सुरों की मल्लिका आशा भोंसले का निधन,संगीत की दुनियां में शोक की लहर

" पिया तू अब तो आजा" की मशहूर गायिका आशा भोंसले नहीं रही

उम्र 92 वर्ष, 12000 से अधिक गाने गाए जाने का रिकॉर्ड 

मुम्बई  - ब्यूरो चीफ 

संगीत की मल्लिका आशा भोसले का आज 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कल शाम उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था और आज करीब 11 बजे उनका निधन हो गया। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी के मुताबिक, आशा भोसले कई मेडिकल समस्याओं से जूझ रही थीं और मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हुआ। यानी उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उनके बेटे आनन्द भोंसले ने बताया कि अंतिम दर्शन के लिए लोग सोमवार सुबह 11 बजे उनके घर पहुंच सकते हैं। इसके बाद शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आशा भोसले ने अपने करियर में 14 से ज्यादा भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने गाए। उनके कई गीत आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं, जैसे “इन आंखों की मस्ती”, “दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आजा” और “चुरा लिया है तुमने”।

वह मशहूर थिएटर कलाकार और शास्त्रीय गायक दीनानाथ मंगेशकर बेटी और महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। पिता के निधन के बाद उन्होंने कम उम्र में ही अपनी बहन के साथ मिलकर परिवार की जिम्मेदारी संभाली और गायन की दुनिया में कदम रखा।

उनके निधन पर कई बड़ी हस्तियों ने दुख जताया है। गायक शंकर महादेवन ने कहा कि यह भारतीय संगीत के लिए बेहद दुखद दिन है और उन्होंने आशा भोसले को मां सरस्वती के समान माना।

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें वैश्विक स्तर की कलाकार बताया।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फर्नांडिस ने इसे देश और संगीत प्रेमियों के लिए बड़ी क्षति बताया।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री अशीष सेलर ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

आशा भोसले की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उन्होंने संगीतकार आर डी बर्मन से शादी की थी। दोनों की जोड़ी ने कई यादगार गाने दिए। इसके अलावा, उन्होंने अपनी बहन लता मंगेशकर के साथ मिलकर 50 से ज्यादा गाने गाए।

शुरुआती दौर में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। एक समय ऐसा भी आया जब उनकी आवाज को रिकॉर्डिंग के लायक नहीं बताया गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आगे चलकर संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।आज उनके निधन से पूरा देश शोक में है, लेकिन उनका संगीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।

Published on: 12 Apr 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111