सांझा एक्शन फ्रंट पंजाब की बैठक आयोजित
जालन्धर - नुपुर
“सांझा एक्शन फ्रंट पंजाब” द्वारा 30 से अधिक सामाजिक संस्थाओं (एनजीओ) की एक विशाल बैठक आयोजित की गई। जोकि संत महापुरुष बाबा मेजर सिंह सोढ़ी के विशेष मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के पूर्व सदस्य श्री मनोज कुमार चौहान ने शिरकत की और अपने विचार सांझा किए।
फ्रंट के प्रधान श्री जोगा सिंह वडाला एवं अन्य नेताओं ने बताया कि पंजाब में नशे का बढ़ता प्रकोप, बेरोजगारी, मानवाधिकारों का उल्लंघन और सामाजिक अन्याय जैसे गंभीर मुद्दे चिंता का विषय बने हुए हैं। इस परिप्रेक्ष्य में सामाजिक संस्थाओं को एक साझा मंच पर एकत्रित करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी, भ्रष्टाचार, जबर-जुल्म और जातीय भेदभाव को रोकना, बेरोजगारी को कम करना और आम जनता को न्याय दिलाना फ्रंट के मुख्य उद्देश्य हैं। यदि लोगों की समस्याओं का समाधान करना है, तो सामाजिक संगठनों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
बैठक में विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और पंजाब में जनकल्याण के लिए एक साझा एक्शन प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर युवाओं को नशे से दूर रखने, गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों को और मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
इस मौके पर वाइस प्रेसिडेंट कुणाल कोहली ने कहा, “आज की बैठक ने यह साबित कर दिया है कि यदि सामाजिक संस्थाएं एकजुट हों तो हर बड़ी समस्या का समाधान संभव है। हमारा उद्देश्य केवल चर्चा करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है।”
एडवोकेट दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “मानवाधिकारों की रक्षा और न्याय दिलाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। कानूनी जागरूकता के माध्यम से लोगों को सशक्त करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना सांझा एक्शन फ्रंट का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। यह बैठक केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों की आवाज को मजबूत करने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने अपील की कि मानवाधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए सभी संगठनों को राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर मिलकर काम करना होगा।
इस अवसर पर कैशियर कश्मीर सिंह भुल्लथ, जनरल सेक्रेटरी गुरशरण सिंह सोढ़ी, उप प्रधान कुणाल कोहली, डॉ रंजीत सिंह, सेक्रेटरी सरबजीत कौर, परमजीत कौर रतों के अलावा पॉवर ऑफ लॉ एंड नेशन एंपावरमेंट, सर्व अधिकार रक्षा अभियान समिति , वीर सेवा फाउंडेशन, आजाद क्रांति मंच, रंगरेटा सिंह सभा पंजाब, अधिकार संघर्ष पार्टी, पाथ ऑफ जस्टिस, मजहबी सिख वेलफेयर सोसाइटी, निहंग सिंह जातेबंदिया, रंगरेटा संसार, SC फ्रंट पंजाब, श्री गुरु रामदास ऑटो यूनियन ऑल पंजाब, नवां पंजाब जत्थेबंदी पंजाब, मनुखी अधिकार प्रेस क्लब, रंगरेटा दल, पावन वाल्मीकि तीर्थ एक्शन फ्रंट, बीजेपी मंडल, कीरती दे राखे पंजाब आदि गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों ने मीटिंग में भाग लिया।