संजीव अरोड़ा को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा ,अगली पेशी 1 जून को
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा को देशभक्त व बहादुर बताया
गुरुग्राम - बी बी आई टी डेस्क
केंद्रीय जांच एजेंसी ई डी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा18 मई को गुरुग्राम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अरोड़ा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उनकी अगली पेशी 1 जून को होगी।
वहीं कोर्ट में पेशी के दौरान अरोड़ा की दाढ़ी बढ़ी हुई दिखी। इस दौरान परिवार से मिलते ही वह भावुक हो गए। उन्होंने बेटी कृतिका अरोड़ा को गले लगाया और फूट-फूट कर रो पड़े। इस दौरान बेटी की आंखों में भी आंसू नजर आए।
उधर, आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा- संजीव जी, आप बहादुर हो। देशभक्त हो। पूरे पंजाब को आप पर गर्व है।
मंत्री अरोड़ा को 9 मई को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के केस में चंडीगढ़ से अरेस्ट किया था। जिसके बाद से पहले 7 दिन, फिर 2 दिन का रिमांड लिया गया था।
गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती देने वाली अरोड़ा की याचिका पर आज पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी सुनवाई है।ई डी यहां जवाब दाखिल करेगी। मंत्री के इस मामले की आंच अब अफसरों तक भी पहुंच गई है। जिसमें आई ए एस अफसर बसंत गर्ग समेत 3 अफसरों को ई डी ने तलब किया है। गमाडा के चीफ संदीप कुमार डॉक्यूमेंट्स लेकर जालंधर के ई डी ऑफिस में पेश हो चुके हैं। अरोड़ा के 2 पार्टनरों को भी दिल्ली तलब किया गया है।
मंत्री के साथ ये अफसर फंसे ई डी जालंधर के जोनल ऑफिस ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर को तलब किया है। समन जालंधर ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर अक्षय कुमार की ओर से भेजा गया था। ED ने न्यू चंडीगढ़ में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़ा रिकॉर्ड मांगा है। इन प्रोजेक्ट्स से जुड़े कई नामी बिल्डरों के ठिकानों पर 8 और 9 मई को रेड हुई थी।
इसके अलावा ई डी ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर बसंत गर्ग को भी पेश होने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा पावरकॉम की डायरेक्टर (कमर्शियल) हरशरण कौर त्रेहन और कारोबारी साझेदार हेमंत सूद व चंद्रशेखर को भी तलब किया गया है।