रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री के पद से इस्तीफा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म ने किया तत्काल प्रभाव से स्वीकार
रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज
नई दिल्ली/चंडीगढ़ :- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा मंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
बताया जा रहा है कि भाजपा पंजाब में अपने जनाधार के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। पिछले कुछ वर्षों में पार्टी ने सुनील जाखड़, कैप्टन अमरिंदर सिंह, रवनीत सिंह बिट्टू और केवल सिंह ढिल्लों जैसे प्रमुख नेताओं को अपने साथ जोड़कर अपनी उपस्थिति मजबूत करने का प्रयास किया है।
2007 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वर्तमान में राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि कांग्रेस आंतरिक चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में भाजपा इसे अपने लिए एक अवसर के रूप में देख रही है और चुनाव मैदान में मजबूती के साथ उतरने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा पंजाब में सिख नेतृत्व को विशेष महत्व देने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में रवनीत सिंह बिट्टू को राज्य में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। यह भी चर्चा है कि उन्हें विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका दी जा सकती है और वे किसी महत्वपूर्ण सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के प्रमुख सिख नेताओं में गिने जाते हैं और उनका संबंध राज्य के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से है। उनके दादा स्वर्गीय बेअंत सिंह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्हें राज्यसभा के माध्यम से केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान मिला था। हाल ही में उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हुआ था, जिसके बाद से उनके भविष्य को लेकर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही थीं।