Thursday, 30 July 2026
राउरकेला रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी कमलेश समादार पर अवैध वेंडिंग से जुड़े मामले में फरार

राउरकेला रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी कमलेश समादार पर अवैध वेंडिंग से जुड़े मामले में फरार

राउरकेला आर पी एफ थाना प्रभारी पर सी बी आई की रेड

अवैध वैंडिंग व भ्रष्टाचार के आरोप, डी एस सी ने किया सस्पेंड, सी बी आई की गिरफ्त से फरार

राउरकेला  - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राउरकेला रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी कमलेश समादार पर अवैध वेंडिंग से जुड़े मामले में रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वेंडर से 12 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई शुरू की है, जिसमें अजय मिश्रा को कथित रूप से माध्यम बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, पिछले लगभग पांच महीनों से इस मामले को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। सीबीआई जब थाना प्रभारी कमलेश समादार को गिरफ्तार करने के लिए उनके आवास पर पहुंची, तब कथित तौर पर परिवार के सदस्यों ने अधिकारियों को मिलने नहीं दिया। इसी दौरान कमलेश समादार सीबीआई टीम को चकमा देकर फरार हो गए। मामले में परिवार द्वारा जांच में बाधा उत्पन्न करने की बात भी सामने आ रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर कमलेश समादार को निलंबित कर दिया है। यह मामला रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग और भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया जा रहा है।

इस घटनाक्रम के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि जब कानून की रक्षा करने वाले अधिकारी ही कानून से बचने का प्रयास करें, तो आम जनता का विश्वास कैसे कायम रहेगा। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

दक्षिण पूर्व रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी आदित्य चौधरी ने कहा कि रेलवे प्रशासन इस मामले में सीबीआई को पूरा सहयोग प्रदान करेगा और जांच एजेंसी द्वारा मांगी गई हर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

सीबीआई द्वारा मामले की जांच जारी है तथा कमलेश समादार की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Published on: 30 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111