अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री से सांसद लता वानखेड़े की मुलाकात
सागर न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेल जंक्शन होगा - लता वानखेड़े
सागर/ नईदिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद लता वानखेड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सागर क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं एवं रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने ललितपुर–सागर–करेली–छिंदवाड़ा नई रेल लाइन की संशोधित डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। रेल मंत्री ने इस पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द स्वीकृति का आश्वासन दिया।
सांसद लता वानखेड़े ने बताया कि इस रेल परियोजना के पूर्ण होने से सागर न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेल जंक्शन बनकर उभरेगा। यह परियोजना बुंदेलखंड, महाकौशल और सतपुड़ा क्षेत्र को दक्षिण भारत से जोड़ने वाला सबसे छोटा एवं सुगम रेल मार्ग सिद्ध होगी, जिससे औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यापारिक तथा पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
बैठक के दौरान सांसद ने बीना जंक्शन पर रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव तथा मंडी बामोरा स्टेशन पर डॉ. अंबेडकर नगर–प्रयागराज एक्सप्रेस (14115/14116) के स्टॉपेज की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद विधानसभा क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि सागर क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे सड़क नेटवर्क के साथ यदि नई रेल परियोजनाएं भी समय पर पूरी होती हैं तो सागर भविष्य में सड़क और रेल—दोनों दृष्टि से प्रदेश का प्रमुख परिवहन केंद्र बन जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।