रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह का सडक हादसे में निधन
इंदौर - बी बी आई टी डेस्क
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने उत्तर प्रदेश के बलिया और दिल्ली तक के सियासी गलियारों झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह (29 वर्ष) की मौत हो गई।
हादसा उस वक्त हुआ जब प्रभात सिंह अपने कुछ साथियों के साथ देवास से इंदौर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे शिप्रा थाना इलाके में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रभात को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम प्रयासों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। जहां से अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक निवास यूपी लाया जा रहा है।
जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक, प्रभात सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र स्थित गायघाट गांव के रहने वाले थे। महज 29 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए प्रभात। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेहद करीबी पारिवारिक सदस्य थे। बताया जा रहा है कि वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे थे। बताया जा रहा है कि प्रभात सिंह के पिता प्रदीप सिंह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते में भाई लगते हैं। प्रभात सिंह दिल्ली में रहते थे और ठेकेदारी और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। पिछले साल ही इनकी शादी हुई थी। इनकी 11 साल की एक बेटी भी है।
जानकारी के मुताबिक शिप्रा क्षेत्र के पास किसी जरूरी काम के चलते उन्होंने सड़क किनारे अपनी कार रोक दी थी। कुछ देर बाद जब वह वापस वाहन की ओर बढ़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात सिंह कई फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद उनके साथियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। विशेष अनुमति लेकर रात करीब तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द परिजनों तक पहुंचाया जा सके।