पठानकोट - सुजानपुर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी होंगे डॉ. स्वर्ण सलारिया
ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ समर्थकों ने मनाया जश्न, डॉ. स्वर्ण सलारिया ने पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
पठानकोट। बी बी आई टी न्यूज
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी द्वारा टिकट दिए जाने के बाद डॉ. स्वर्ण सलारिया के व्हाइट मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर समर्थकों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे माहौल में जश्न और उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान समर्थकों ने भांगड़ा डालकर अपनी खुशी जाहिर की और डॉ. स्वर्ण सलारिया के समर्थन में नारे लगाए। मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. स्वर्ण सलारिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताकर टिकट दिया है और उन्हें सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर प्रदान किया है।
डॉ. सलारिया ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान पहल के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह पहले भी पार्टी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों को निभाते रहे हैं और भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से जनता की सेवा करते रहेंगे।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।