Saturday, 4 July 2026
पति को खीर में नींद की गोलियां खिला कर हत्या कर दी

पति को खीर में नींद की गोलियां खिला कर हत्या कर दी

पति को खीर में नींद की गोलियां खिला कर हत्या कर दी

पति के शव को अपने ही घर के बाथरूम में दबा दिया

45 दिनों तक पुलिस को करती रही गुमराह व खुद करती रही पति को ढूढने का नाटक

आगरा - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद बाथरूम का फर्श दोबारा बनवाकर उस पर टाइलें लगवा दीं। हैरानी की बात यह है कि महिला करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही और परिवार व पुलिस को पति के लापता होने की कहानी सुनाती रही।

जांच के दौरान भी महिला पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखती रही और रोने का नाटक करती रही। हालांकि उसके व्यवहार पर बड़े भाई (जेठ) अनिल शर्मा को शक हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर कोई परेशानी है तो वह साथ देंगे। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।

महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां से केवल कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को फोरेंसिक जांच और डीएनए परीक्षण के लिए भेज दिया है।

पूछताछ में महिला ने दावा किया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से उसने कथित तौर पर खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई।

महिला ने बताया कि घटना के बाद उसने अपने जेठ को फोन कर राजस्थान से बुलाया, लेकिन उन्हें घर के अंदर नहीं आने दिया। उसने दोनों बेटियों और सास को घर से दूर बुलाकर जेठ के साथ भेज दिया। इसके बाद शव को कमरे से घसीटकर बाथरूम में ले गई, गड्ढा खोदकर दफना दिया और कुछ दिनों बाद मजदूर बुलाकर वहां नया फर्श बनवा दिया।

बाद में उसने पति के लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई और पुलिस के साथ उसकी तलाश का नाटक करती रही।मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा में पत्नी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे।फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, डीएनए जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on: 04 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111