पश्चिम रेलवे – भावनगर रेल मंडल
मालगाड़ी के लोको पायलट महेन्द्र रघु एवं विकास पैरवा ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोका
एशियाई सिंह की बचाई जान ,वन विभाग को किया सूचित
भावनगर - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
पश्चिम रेलवे का भावनगर रेल मंडल सुरक्षित रेल संचालन के साथ-साथ एशियाई सिंहों एवं अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए भावनगर रेल मंडल के सतर्क लोको पायलटों ने अपनी सूझबूझ से एक एशियाई सिंह की जान बचाने में सफलता प्राप्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दामनगर के निकट लालिया मोटा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर एक एशियाई सिंह आ गया। इस दौरान तेज गति से आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट महेन्द्र रघु एवं विकास पैरवा ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल आपातकालीन (इमरजेंसी) ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया।
लोको पायलटों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के कारण एशियाई सिंह को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और एशियाई सिंह को सुरक्षित रूप से रेलवे ट्रैक से हटाया।
वन विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी किए जाने के बाद मालगाड़ी को सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
पश्चिम रेलवे का भावनगर रेल मंडल भविष्य में भी सुरक्षित रेल संचालन के साथ-साथ वन्यजीवों के संरक्षण एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।