एक मुलाकात
पूर्व मेयर जगदीश राज राजा से बिग बॉस इण्डिया टूडे के मुख्य संपादक रमेश महेन्द्रू की विशेष बातचीत
पंजाब की राजनीति, 2027 विधानसभा चुनाव और आम आदमी पार्टी की चुनावी रणनीति पर खुलकर बोले जगदीश राज राजा
बिग बॉस इण्डिया टूडे - हिन्दी न्यूज चैनल के मुख्य संपादक रमेश महेन्द्रू ने जालन्धर शहर के पूर्व मेयर जगदीश राज राजा से एक विशेष मुलाकात के दौरान पंजाब की मौजूदा राजनीति, आम आदमी पार्टी की सरकार, जालन्धर की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विस्तार से बातचीत की।
जगदीश राज राजा जालन्धर की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह लगातार पांच बार जालन्धर नगर निगम के पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं। उनकी पत्नी अनीता राजा वर्ष 2002 से 2007 तक नगर निगम जालन्धर में सीनियर डिप्टी मेयर रही हैं। जगदीश राज राजा वर्ष 2007 से 2017 तक नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रहे तथा वर्ष 2018 से 2023 तक जालन्धर के मेयर के पद पर रहे।
वर्ष 2024 में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। वर्ष 2025 में उन्होंने और उनकी पत्नी ने नगर निगम पार्षद का चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से वह आम आदमी पार्टी में तो बने हुए हैं, लेकिन राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता और भूमिका को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं।
पंजाब सरकार की योजनाएं बन सकती हैं चुनावी ताकत
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के कामकाज और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर जगदीश राज राजा ने कहा कि सरकार की कुछ जनकल्याणकारी योजनाएं चुनाव में पार्टी के लिए काफी कारगर साबित हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की प्रत्येक माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना, महिलाओं को प्रतिमाह 1000 से 1500 रुपये देने की योजना तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान की मुफ्त तीर्थयात्रा योजना आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
श्री राजा ने वोट बैंक की राजनिति पर चर्चा करते हुए बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी यानि भगवंत सिंह मान सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकतर वोट का इस्तेमाल स्लम आबादी ,गरीब व मजदूर वर्ग करता है और वह सभी लोग आप के साथ है। यह वही वर्ग है जो लोग अधिकतर अपनी वोट का इस्तेमाल करते हैं। उन्होनें कहा कि अमीर वर्ग का वोट प्रतिशत ना के बराबर है और मध्यम वर्ग के लोग 50% ही अपनी वोट डालने जाते हैं।
जालन्धर सेंट्रल से नितिन कोहली की मेहनत पर जताया भरोसा
जालन्धर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए राजा ने हलका इंचार्ज नितिन कोहली के बारे में कहा कि वह काफी मेहनत कर रहे हैं। व्यवसाय से व्यापारी होने के कारण उन्हें लोगों और व्यापारिक वर्ग की समस्याओं की अच्छी समझ है।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान नितिन कोहली पर भरोसा जताती है और उन्हें चुनाव मैदान में उतारती है, तो वह चुनाव में जीत हासिल करने की क्षमता रखते हैं।
जालन्धर नॉर्थ में विनीत धीर की मेहनत और व्यवहार को बताया ताकत
जालन्धर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के हलका इंचार्ज विनीत धीर के बारे में जगदीश राज राजा ने कहा कि वह जालन्धर नगर निगम के मेयर हैं और मेहनती व्यक्ति हैं।
राजा के अनुसार, उनकी शराफत, शांत स्वभाव और चेहरे पर हमेशा रहने वाली मुस्कान उनकी राजनीतिक ताकत है। यही गुण उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाते हैं और आगामी चुनाव में उनकी जीत का कारण बन सकते हैं।
जालन्धर वेस्ट से महेन्द्र भगत को ही टिकट मिलने की संभावना
जालन्धर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के बारे में पूछे जाने पर राजा ने कहा कि महेन्द्र भगत पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। उनके अनुसार, इस सीट से टिकट महेन्द्र भगत को ही मिलेगा और वह भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे।
जालन्धर कैंट में दीपक बाली को बताया मजबूत प्रत्याशी
जालन्धर कैंट विधानसभा क्षेत्र की चर्चा के दौरान जगदीश राज राजा ने हलका इंचार्ज दीपक बाली को मजबूत प्रत्याशी बताया।
उन्होंने कहा कि दीपक बाली हर परिस्थिति का सामना करना जानते हैं। उनके बुलंद हौसलों और राजनीतिक क्षमता को देखते हुए उन्हें पूरा विश्वास है कि दीपक बाली आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर सकते हैं।
राजविंदर कौर थियाड़ा को पार्टी के फैसले का सम्मान करने की सलाह
मैडम राजविंदर कौर थियाड़ा को हलका इंचार्ज के पद से हटाए जाने के बाद पार्टी अथवा दीपक बाली को संभावित नुकसान के सवाल पर राजा ने कहा कि मैडम थियाड़ा को पार्टी के फैसले का सम्मान करना चाहिए और दीपक बाली का साथ देकर आम आदमी पार्टी के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई भी पद स्थायी नहीं होता। राजनीतिक परिस्थितियों में कब और किस तरह बदलाव आ जाए, इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है।
टिकटों के आवंटन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि किसे टिकट देना है और किसे नहीं, इसका अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान और नेतृत्व पर निर्भर करता है।
कांग्रेस में घर वापसी की चर्चाओं को बताया महज अफवाह
बातचीत के दौरान जब रमेश महेन्द्रू ने जगदीश राज राजा से पूछा कि क्या उनकी कांग्रेस में घर वापसी होने जा रही है और क्या वह अपनी पुरानी पार्टी में दोबारा शामिल होने वाले हैं, तो राजा ने इस संभावना को तुरंत खारिज कर दिया।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस में वापस जाना सम्भव नहीं है और इस तरह की चर्चाएं केवल अफवाह हैं।
राजा ने कहा कि कुछ विरोधी जानबूझकर ऐसी अफवाहें फैला रहे हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, "मैं न तो घर वापसी कर रहा हूं और न ही कांग्रेस में वापस जाने का मेरा कोई इरादा है।"
2027 की राजनीति में क्या होगी जगदीश राज राजा की भूमिका?
पूर्व मेयर जगदीश राज राजा के साथ हुई इस विशेष बातचीत में पंजाब की राजनीति से लेकर जालन्धर के चारों विधानसभा क्षेत्रों की संभावनाओं तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
लगातार पांच बार पार्षद का चुनाव जीतने और पांच वर्षों तक जालन्धर के मेयर रहने का अनुभव रखने वाले जगदीश राज राजा के राजनीतिक विचार आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में महत्वपूर्ण माने जा सकते हैं।