परगट सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पंजाब कांग्रेस में नई ऊर्जा - मनमोहन सिंह
पंजाब में गुटबंदी खत्म होने से मजबूत होगा कांग्रेस संगठन
पंजाब में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस की सरकार
जालन्धर - शिखा न्यूज नेटवर्क
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने कहा कि पद्मश्री एवं भारतीय हॉकी ओलंपियन परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने से पंजाब कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उनके अनुसार, परगट सिंह के नेतृत्व में पार्टी के भीतर चल रही गुटबंदी को समाप्त कर संगठन को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने से भी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष और नए प्रभारी के नेतृत्व में पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अब नई ऊर्जा और नए जोश के साथ जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा तथा पंजाब के लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
मनमोहन सिंह ने दावा किया इससे पंजाब में कांग्रेस की इमेज में भी सुधार हुआ है और अब कांग्रेस पंजाब में मजबूत होकर उभरेगी और आगामी समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।