पंजाब कांग्रेस में बड़ा बदलाव,जालन्धर में खुशी की लहर
परगट सिंह बने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष
जालन्धर - नूपुर महेन्द्रू
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही संगठनात्मक खींचतान और नेतृत्व को लेकर चर्चाओं के बीच कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय हॉकी के पूर्व ओलम्पियन एवं पूर्व कप्तान, पद्मश्री परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। परगट सिंह वर्तमान में जालन्धर कैंट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
जालन्धर की पावर पालिटिक्स में भी काफी बदलाव देखने को मिलेगा। जालन्धर से चरणजीत सिंह चन्नी लोकसभा सांसद है और वह भी पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में शामिल थे।
परगट सिंह ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का स्थान लिया है। वड़िंग ने कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया था। वह अप्रैल 2022 से पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर थे।
पंजाब कांग्रेस में पिछले कई महीनों से संगठनात्मक मतभेद और विभिन्न नेताओं के बीच खींचतान चर्चा का विषय बनी हुई थी। पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर भी लगातार अटकलें लगती रही थीं। विभिन्न गुटों के बीच मतभेदों के कारण प्रदेश कांग्रेस संगठन में एकजुटता का मुद्दा सामने आता रहा।
सितंबर 2026 में कांग्रेस ने सचिन पायलट को पंजाब का आल इण्डिया कांग्रेस कमेटी महासचिव प्रभारी नियुक्त किया था और भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी से हटाकर असम का प्रभार दिया गया था। यह बदलाव भी पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही आंतरिक खींचतान की पृष्ठभूमि में हुआ था।
राजा वड़िंग ने अपने इस्तीफे के बाद कहा कि उन्हें लगा कि सचिन पायलट शायद चाहते थे कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद पर आगे न रहें। हालांकि, कांग्रेस की ओर से यह नहीं कहा गया है कि पायलट ने उन्हें सीधे इस्तीफा देने का निर्देश दिया था।
परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अब नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने संगठन को मजबूत करने, विभिन्न नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।