पंजाब विधानसभा चुनाव 2027
जालंधर सेंट्रल में भाजपा की टिकट के लिए घमासान
'एक अनार, सौ बीमार'
भाजपा टिकट के दावेदारों की लगी लम्बी कतार
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया से लेकर नए चेहरों तक, टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त
किस पर दांव खेलेगा भाजपा हाईकमान?
विशेष राजनीतिक विश्लेषण
रमेश महेन्द्रू - मुख्य संपादक
बिग बॉस इण्डिया टूडे
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की टिकट को लेकर जिस तरह नेताओं की सक्रियता बढ़ रही है, उसे देखते हुए एक कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है—'एक अनार, सौ बीमार'। टिकट एक है, लेकिन दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हर नेता अपनी राजनीतिक ताकत, संगठन में पकड़, सामाजिक समीकरण और जनसंपर्क के दम पर भाजपा हाईकमान के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटा है।
भाजपा की टिकट के प्रमुख दावेदारों में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया, जालंधर के पूर्व मेयर एवं पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष राकेश राठौर, पूर्व प्रदेश सचिव अनिल सच्चर, पंजाब प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोज अग्रवाल, जिला जालंधर महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शैली खन्ना, पंजाब भाजपा सचिव अमरजीत सिंह अमरी, जिला जालन्धर शहरी भाजपा अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की, भाजपा नेता जगजीत सिंह व मौजूदा भाजपा पार्षद राजीव ढींगरा के नाम चर्चा में हैं। इनके अतिरिक्त गौतम कुकरेजा का नाम भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सवाल यह है कि आखिर भाजपा किस चेहरे पर भरोसा जताएगी? क्या पार्टी अपने पुराने और अनुभवी नेता पर दांव खेलेगी या फिर किसी नए चेहरे को मौका देकर नया राजनीतिक प्रयोग करेगी?
2022 के चुनाव परिणाम: जीत का अंतर महज 247 वोट
जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। यहां लगभग दो लाख मतदाता होने का अनुमान है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 1,74,285 मतदाता दर्ज थे, जिनमें से 1,06,554 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान प्रतिशत 61.1 रहा था।
चुनावी परिणामों पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी के रमन अरोड़ा ने 33,011 वोट (31.26 प्रतिशत) हासिल कर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के रजिंदर बेरी को 32,764 वोट (31.03 प्रतिशत) मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा के मनोरंजन कालिया 27,993 वोट (26.51 प्रतिशत) लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे।
शिरोमणि अकाली दल के चंदन ग्रेवाल को 10,907 वोट मिले थे। अन्य प्रत्याशियों को अपेक्षाकृत कम वोट मिले, जबकि नोटा के पक्ष में 953 मत पड़े थे।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि रमन अरोड़ा ने कांग्रेस के रजिंदर बेरी को महज 247 वोटों के मामूली अंतर से हराया था।
यह आंकड़ा बताता है कि जालंधर सेंट्रल में चुनावी मुकाबला कितना करीबी हो सकता है। यहां कुछ हजार वोटों का इधर-उधर होना भी राजनीतिक तस्वीर बदल सकता है। भाजपा के लिए यह सीट चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन परिणामों का विश्लेषण यह भी संकेत देता है कि मजबूत उम्मीदवार, बेहतर चुनाव प्रबंधन और प्रभावी जनसंपर्क के दम पर पार्टी मुकाबले में वापसी कर सकती है।
जातीय और सामाजिक समीकरण होंगे टिकट वितरण का बड़ा आधार
पंजाब की राजनीति में जातीय, धार्मिक और सामाजिक समीकरणों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में हिंदू मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। ब्राह्मण, वैश्य, अरोड़ा और खत्री समाज के मतदाता चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही दलित मतदाताओं का भी प्रभावशाली वोट बैंक है।
सिख समुदाय सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी भी चुनावी परिणामों को प्रभावित कर सकती है।
ऐसे में भाजपा हाईकमान के सामने केवल लोकप्रिय चेहरे का चयन करना ही चुनौती नहीं होगा, बल्कि उसे ऐसा प्रत्याशी तलाशना होगा जो अलग-अलग जातियों, धर्मों और सामाजिक वर्गों के बीच स्वीकार्यता रखता हो।
आम आदमी पार्टी की योजनाएं भाजपा के लिए बड़ी चुनौती
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार भी 2027 के चुनाव में अपनी उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।
300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए मावां-धीयां सत्कार योजना, मुफ्त तीर्थ यात्रा और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाएं चुनावी चर्चा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती हैं।
इन योजनाओं का वास्तविक प्रभाव, क्रियान्वयन और मतदाताओं की प्रतिक्रिया चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भाजपा को केवल उम्मीदवार घोषित करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उसे आम आदमी पार्टी की योजनाओं के मुकाबले अपना स्पष्ट विकास एजेंडा, पंजाब के लिए आर्थिक दृष्टिकोण, रोजगार, उद्योग, व्यापार, कानून व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं के समाधान का ठोस रोडमैप भी जनता के सामने रखना होगा।
क्रमश:
' एक अनार सौ बिमार "
नेताओ की भाजपा टिकट के लिए लगी लम्बी कतार
हमारे अगले अंक में पढ़े नेताओ के नाम जो हैं टिकट के दावेदार