Tuesday, 13 October 2026
पंजाब नशामुक्त रैली के बाद भी चर्चा में अमित शाह का राकेश राठौर के घर दोपहर भोज

पंजाब नशामुक्त रैली के बाद भी चर्चा में अमित शाह का राकेश राठौर के घर दोपहर भोज

राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज

पंजाब नशामुक्त रैली के बाद भी चर्चा में अमित शाह का राकेश राठौर के घर दोपहर भोज

विशेष रिपोर्ट  - रमेश महेन्द्रू  (मुख्य संपादक)

जालन्धर - पंजाब  में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नशे के मुद्दे को प्रमुखता से उठाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 18 सितंबर 2026 से पंजाब के चार अलग-अलग स्थानों से शुरू की गई ‘पंजाब नशामुक्त रैली’ का आयोजन राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए 30 सितंबर को जालंधर के परागपुर स्थित खुले मैदान में समापन के रूप में किया गया। इस रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया।

रैली के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आदमपुर एयरपोर्ट से श्री देवी तालाब मंदिर होते हुए परागपुर स्थित रैली स्थल पर पहुंचना था। लेकिन रैली को संबोधित करने से पहले पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष राकेश राठौर के निवास स्थान पर अमित शाह का पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ दोपहर भोज के लिए पहुंचना राजनीतिक और मीडिया जगत में चर्चा का विषय बन गया।

यह मामला उसी समय सुर्खियों में आ गया था, जब राकेश राठौर ने स्वयं अपने निवास पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ दोपहर भोज करते हुए तस्वीर फेसबुक पर साझा की।

रैली के आयोजन के 13 दिन बाद भी यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस मामले को लेकर जब हमने भाजपा के पंजाब उपाध्यक्ष राकेश राठौर से सीधी बातचीत की तो उन्होंने कहा कि वह भाजपा के एक छोटे से कार्यकर्ता हैं। देश के गृह मंत्री अमित शाह का उनके घर पर दोपहर का भोजन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अमित शाह को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करना उनके वश की बात नहीं है।

राठौर के अनुसार, रैली स्थल पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। पार्टी और वरिष्ठ नेताओं की ओर से जो आदेश मिला, उन्होंने एक कार्यकर्ता होने के नाते उसका पालन किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस मामले को अनावश्यक रूप से उछाल रहे हैं और उनकी तथा पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

पंजाब नशामुक्त रैली के संबंध में राकेश राठौर ने कहा कि रैली सफल रही और पंजाब के 117 विधानसभा क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता तथा लोग इसमें शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं कि रैली असफल रही, जबकि भाजपा ने आज तक जो कहा है, उसे करके दिखाया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और आशीर्वाद से पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। राठौर ने यह भी कहा कि रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को दो वर्षों में नशामुक्त बनाने और राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित करने की बात कही थी।

राकेश राठौर के निवास पर केंद्रीय गृह मंत्री की मुलाकात के बाद जालंधर की राजनीतिक चर्चाओं में एक और पहलू सामने आ रहा है। भाजपा के भीतर विभिन्न गुटों और जालंधर शहर में विधानसभा टिकट के दावेदारों के बीच यह चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में राकेश राठौर की दावेदारी मजबूत हो सकती है।

हालांकि, राकेश राठौर ने बातचीत के दौरान जालंधर से भाजपा टिकट मिलने की संभावनाओं को लेकर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। गौरतलब है कि वर्ष 2007 में उन्होंने जालंधर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन पार्टी ने मनोरंजन कालिया को उम्मीदवार बनाया था और वह चुनाव जीत गए थे।

ऐसे में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राकेश राठौर की राजनीतिक संभावनाओं को लेकर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पंजाब में नशे का मुद्दा पहले से ही राजनीतिक बहस का प्रमुख विषय रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार भी नशे के खिलाफ ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान चला रही है। दूसरी ओर, भाजपा ने पंजाब नशामुक्त रैली के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में विभिन्न राजनीतिक दल नशे की समस्या, युवाओं के भविष्य और पंजाब को नशामुक्त बनाने के वादों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रहे हैं।

ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नशामुक्त पंजाब का मुद्दा आगामी चुनावों में किस राजनीतिक दल के लिए कितना प्रभावी साबित होता है और जनता इस संबंध में किस पार्टी की नीतियों तथा दावों पर भरोसा जताती है।

Published on: 13 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111