पंजाब के प्रसिद्ध धार्मिक स्थानों को बम से उड़ने की धमकी
पेजाब पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड सतर्क
जालन्धर - रमेश महेन्द्रू
जालंधर के प्रसिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर सहित पंजाब के कई प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा ऐजेंसियों पूरी तरह सतर्क हो गई है।सरकारी इमारतों, स्कूलों और सार्वजनिक संस्थानों को ई-मेल के जरिए धमकियां मिलने के बीच अब धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया गया है। जानकारी के अनुसार, जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर के अलावा अमृतसर के दुर्गयाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, बठिंडा के मैसर मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर को भी धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इसके साथ ही पंजाब सिविल सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने की सूचना के तुरंत बाद जालंधर पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें श्री देवी तालाब मंदिर पहुंच गईं। मंदिर परिसर, पार्किंग एरिया और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धमकी भरे ई-मेल में 6 जून 1984 को दरबार साहिब पर हुए सैन्य अभियान का जिक्र किया गया है। ई-मेल में दावा किया गया कि उस घटना का बदला लिया जाएगा। इसके अलावा लोगों को 5 और 6 जून को अंबाला और दिल्ली की यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है।
हालांकि सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत की जांच कर रही हैं। साइबर सेल को भी मामले में शामिल किया गया है ताकि ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान की जा सके।
इन सभी स्थानों पर स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें जांच अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए जांच जारी रखी गई है। कर्मचारियों और अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पंजाब पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि श्री देवी तालाब मंदिर बम धमकी समेत सभी धमकी भरे ई-मेल की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं।