Sunday, 10 May 2026
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया दी

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया दी

पंजाब के केबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा 

ईडी की छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की

चण्डीगढ़  - बिग बॉस इंडिया टूडे डेस्क 

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पंजाब को 'रंगला' बनाने का सपना दिखाकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के खजाने को लूट लिया है और उसे 'कंगला' बना दिया है। बीजेपी नेता ने कहा कि पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को सरकार चलाने के लिए वोट दिया था। यह पंजाब को लूटने के लिए नहीं था।

राघव चड्ढा ने कहा कि ईडी की छापेमारी के दौरान बालकनी से एक बैग में 21 लाख रुपये कैश फेंके गए। दस्तावेज बता रहे हैं कि कई सौ करोड़ रुपए के फंड की राउंड-ट्रिपिंग की गईं। यह दिखाता है कि यह पंजाब में मिले जनादेश के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ विश्वासघात किया है।

राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी से नाता तोड़ने वाले सातों सांसदों ने पार्टी छोड़ते समय कहा था कि यह पार्टी पूरी तरह से भ्रष्ट और समझौता करने वाले लोगों के हाथों में फंसी हुई है। जब भी हमने पार्टी के भीतर रहते हुए ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की तो हमें चुप करा दिया गया। लेकिन, आज एजेंसियों की कार्रवाई के बाद जो बातें सामने आ रही हैं, वे चौंका देने वाली हैं।

बीजेपी नेता ने कहा कि जो डॉक्यूमेंट सामने आ रहे हैं वो बता रहे हैं कि यूएई, कनाडा और आस्ट्रेलिया में कंपनी बनाकर फंड का राउंड-ट्रिपिंग किया गया है। ये तमाम चीजें दिखाती हैं कि यह पंजाब के लोगों के साथ बड़ा धक्का है। बड़ी लूट है। वहीं, मैं यह भी कहना चाहता हूं कि पंजाब के लोगों और पंजाब सरकार पर 5 लाख करोड़ का कर्ज है और दूसरी ओर पंजाब के खजाने को आम आदमी पार्टी लूटकर उस पैसे को ठिकाने लगा रही है।

राघव चड्ढा ने कहा कि एजेंसियां ​​तो कार्रवाई कर ही रही हैं, लेकिन असली कार्रवाई विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की जनता करेगी। पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ जो धोखा हुआ है, उसे समझते हुए सही फैसला लेंगे। असली कार्रवाई तो लोग फरवरी 2027 में आम आदमी पार्टी के साथ करने जा रहे हैं।

Published on: 10 May 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111