पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना में संयुक्त विशेष प्रवर्तन अभियान
पंजाब में करोड़ों की जी एस टी चोरी का भंडाफोड़ - 145 से अधिक वाहन चैकिंग के लिए रोके
145 मीट्रिक टन से अधिक पकड़े गए माल पर 2.5 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना - हरपाल सिंह चीमा
पंजाब (मण्डी गोविन्द गढ़) बी बी आई टी डेस्क
केंद्र और पंजाब सरकार की तमाम सख्ती के बाद जी एस टी स्कैम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना, लुधियाना और जालंधर में रोज करोड़ों रुपए की जीएसटी की बोगस बिलिंग हो रही है। इसका खुलासा खुद पंजाब के वित्त आबकारी एवं कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने किया है।
पंजाब के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने खुलासा किया है कि राज्य के कर विभाग द्वारा लोहे और स्टील क्षेत्र पर केंद्रित एक बड़े प्रवर्तन अभियान के दौरान 145 से अधिक वाहनों को रोका गया तथा लगभग 4.35 करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया।
मंत्री चीमा ने बताया, “मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना क्षेत्र में चलाया गया यह व्यापक अभियान विशेष रूप से फर्जी बिलिंग नेटवर्कों को ध्वस्त करने और बिना दस्तावेजों के माल की ढुलाई को रोकने के लिए तैयार किया गया था। इस कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 2.5 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगने की संभावना है।
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें औद्योगिक माल बिना वैध इनवॉइस और ई-वे बिल के ले जाया जा रहा था अथवा अत्यंत संदिग्ध एवं अप्रमाणित दस्तावेजों के आधार पर परिवहन किया जा रहा था। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस समय व्यापक जांच जारी है और सभी उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध जीएसटी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई पहले ही शुरू कर दी गई है।
सूत्र बताते हैं कि जीएसटी की बोगस बिलिंग का काम जालंधर के दो बड़े ट्रांसपोर्टर कर रहे हैं। इसमें एक इंडस्ट्रियल एरिया सोढ़ल में दफ्तर खोल रखा है। यहां कुछ अफसरों की सैटिंग के बाद बिना बिल या बोगस बिलिंग के जरिए स्क्रैप व लोहा की ढुलाई करने का ठेका ये ट्रांसपोर्टर लेता है। के शब्द वाले ट्रांसपोर्टर के ठिकानों पर पिछले कुछ साल में छापा भी पड़ा, लेकिन सैंटिंग की बदौलत वह बाहर आ गया।