पंजाब - भिखीविंड पुलिस थाने में महिला ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
पड़ोसी की हत्या के आरोप में हुई थी गिरफ्तार
तरनतारन - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
पंजाब के तरनतारन जिले के भिखीविंड थाने में पड़ोसी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार एक महिला ने कथित तौर पर बाथरूम में चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान राजबीर कौर के रूप में हुई है। महिला को पड़ोसी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसे 9 अगस्त को अदालत में पेश किया जाना था।
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले सुबह करीब 9 बजे महिला ने बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद एक लेडी कांस्टेबल उसे बाथरूम लेकर गई। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने अपनी चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी।
बताया जा रहा है कि भिखीविंड थाने में महिलाओं के लिए अलग हवालात की व्यवस्था नहीं होने के कारण महिला को लेडी कांस्टेबल की निगरानी में एक कमरे में रखा गया था।
घटना के बाद मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ किसी प्रकार की प्रताड़ना या टॉर्चर नहीं किया गया था। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृतका के परिजनों ने पुलिस पर महिला को गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और न्यायिक जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।