पंजाब युद्ध नशों के विरुद्ध,मिली बड़ सफलता - गौरव यादव
64 किलो हेरोईन बरामद, कीमत 450 करोड़ रुपए
चण्डीगढ़ - बी बी आई टी ब्यूरो
पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत एक बड़ी ससफलतामिली है। अमृतसर में पुलिस ने 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹450 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई राज्य के एंटी-ड्रग अभियान को अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मानी जा रही है।
यह संयुक्त ऑपरेशन पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और अमृतसर स्पेशल स्टेट ऑपरेशंस सेल की टीमों द्वारा चलाया गया। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो ड्रग्स की बड़ी खेप के साथ अमृतसर जिले के गांव माहल के पास पकड़े गए। इसकी जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और इसके तार विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ-साथ पाकिस्तान के मूसा गैंग से भी जुड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने हाल ही में “युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान का दूसरा चरण शुरू किया है। इस अभियान के तहत राज्यभर में जागरूकता रैलियां और जन अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को नशे के खिलाफ जोड़ा जा सके और इसे एक जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।
सरकार ने ग्रामीण स्तर पर भी नशे के खिलाफ रणनीति तैयार की है। इसके तहत गांवों के युवाओं को “पिंडां दे पहरेदार” के रूप में जोड़ा जा रहा है, ताकि वे अपने इलाके में नशा तस्करों और गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकें। सरकार का दावा है कि यह पहल जमीनी स्तर पर नशे की समस्या को खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।