Thursday, 19 November 2026
नेशनल वॉलंटरी ब्लड डोनेशन डे आयोजित

नेशनल वॉलंटरी ब्लड डोनेशन डे आयोजित

 नेशनल वॉलंटरी ब्लड डोनेशन डे 

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं एवं रक्तदाताओं को किया सम्मानित

जालन्धर। नूपुर महेन्द्रू 

नेशनल ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार तथा पंजाब स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल के दिशा-निर्देशों के तहत ब्लड सेंटर, सिविल अस्पताल जालन्धर शहर एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब द्वारा स्थानीय होटल में नेशनल वॉलंटरी ब्लड डोनेशन डे (राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस) का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन जालन्धर डॉ. राजेश गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि सिविल अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नमिता घई विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का फूलों के गमले भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन अधिकारी डॉ. गुरपिंदर कौर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने रक्तदान के महत्व, स्वैच्छिक रक्तदान की आवश्यकता तथा रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाले जीवनदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने अपने संबोधन में स्वैच्छिक रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। जरूरत के समय किसी व्यक्ति को दिया गया रक्त उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से बिना किसी भय और भ्रांति के नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नमिता घई ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक एवं मानवीय कार्य है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने रक्तदान शिविरों के आयोजन में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और युवाओं की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने रक्तदान के महत्व एवं जागरूकता पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने भरपूर सराहना की। वहीं नन्हे बच्चों ने रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

समाजसेवी संस्थाओं एवं रक्तदाताओं का विशेष सम्मान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली संस्थाओं में हिन्दुस्तान वेलफेयर ब्लड डोनेशन क्लब, फगवाड़ा, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, पहल एनजीओ, सहारा वेलफेयर सोसाइटीज, आईटीबीपी यूनिट सराय खास, प्रजापिता ईश्वरीय ब्रह्माकुमारी आश्रम, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी तथा अल्फा महेन्द्रू फाउंडेशन सहित कई अन्य एनजीओ एवं सामाजिक संस्थाएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर नियमित रक्तदान कर मानवता की सेवा करने वाले रक्तदाताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें जतिन्द्र सोनी को 171 बार, अमरीक सिंह काहलों को 125 बार तथा जतिन मट्टू को 106 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया। इनके अलावा कई अन्य नियमित रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ब्लड ट्रांसफ्यूजन अधिकारी डा॰ रुपिंदर कौर व डॉ. रोमनना, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल, अल्फा महेन्द्रू फाउंडेशन के अध्यक्ष रमेश महेन्द्रू तथा पीआरओ परषोतम लाल शर्मा, अजय कुमार सहित काफी संख्या में समाजसेवी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति व ब्लड बैंक की टीम उपस्थित रही।

कार्यक्रम ने स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रहे रक्तदाताओं एवं सामाजिक संस्थाओं के योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Published on: 14 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111