नशे की लत में डूबे एक व्यक्ति ने16 दिन का बच्चा 5 लाख में बेचा
पीड़ित महिला ने दी पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत
टीकाकरण के बहाने बच्चे को लेकर जाने का आरोप
जालंधर - रमेश महेन्द्रू
नशे की लत में डूबे एक व्यक्ति ने अपनी तलाकशुदा पत्नी के नवजात बच्चे को पैसों के लालच में बेच दिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने 16 दिन के बच्चे को 5 लाख रुपये में अमृतसर की एक महिला को बेच दिया।
पंजाब के जिला जालंधर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है कि नशे के लिए व्यक्ति ने तलाकशुदा पत्नी का 16 दिन का बच्चा ही बेच दिया।
पीड़िता के अनुसार, बच्चे को खरीदने वाली महिला कुछ दिनों बाद परेशान हो गई और फोन कर कहा कि बच्चा संभल नहीं रहा। उसने पैसे वापस लेकर बच्चे को ले जाने की बात कही। इसी दौरान आरोपी पूर्व पति ने सोशल मीडिया पर नोटों की गड्डियों की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर दीं।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पैसों से एल ई डी, कूलर और अन्य सामान भी खरीद लिया। वहीं पीड़ित ने जब बच्चे के बारे में पूछा तो व्यक्ति ने कहा कि बच्चे की मौत हो चुकी है और उसे दफना दिया है। इतना ही नहीं, आरोपी ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं पीड़ित महिला ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर को आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है। कमिश्नर ने रामा मंडी के एस एच ओ को जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि उसका 4 साल पहले तलाक हो गया था जिसके बाद दोनों ने अलग-अलग दूसरी शादियां कर लीं। हाल ही में वह गर्भवती हुई और पति से अनबन के बाद किराए के कमरे में रहने लगी।
21 मई को जब उसे प्रसव पीड़ा हुई, तो पूर्व पति बच्चों को साथ लेकर पहुंचा और उसे भरोसा दिलाया कि वह अस्पताल ले जाएगा। जालंधर के सिविल अस्पताल में उसकी सामान्य डिलीवरी हुई। आरोप है कि 25 मई को टीकाकरण का बहाना बनाकर एक महिला को कमरे पर भेजा गया। जैसे ही पीड़िता कुछ देर के लिए बाहर गई, वह महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई।