नगर-निगम सुपरवाइजर से पति पत्नी द्वारा मारपीट
हैबोवाल थाने में एफ आई आर दर्ज
लुधियाना - एस एन एन
पंजाब के जिला लुधियाना के जसीयां रोड स्थित स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे विकास कार्यों के दौरान नगर निगम की टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। सब-जोन डी में तैनात सुपरवाइजर तरुण और उनके सहयोगी गंदे पानी की शिकायत का पता लगाने इलाके में निरीक्षण कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि इलाके में फॉल्ट चेकिंग के दौरान इलाके के ही रहने वाले राजेश कुमार और उनकी पत्नी अंजू ने बिना किसी कारण सुपरवाइजर से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और वीडियो बनाना भी शुरू कर दिया।
सहकर्मियों के बीच-बचाव के बाद सुपरवाइजर को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया गया। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए सरेआम गुंडागर्दी की। हैबोवाल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और एफ आई आर दर्ज कर दी गई है।