मनाली में सड़क पर कचरा फेंकने पर एस डी एम ने डाकटर की लगाई क्लास
कुल्लू (मनाली) :- बी बी आई टी ब्यूरो
देशभर से तमाम सैलानी मनाली में बर्फबारी और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने आते हैं। सैलानियों द्वारा पहाड़ों पर गंदगीफैलाने का एक मामला मनाली में सामने आया है। मनाली में पंजाब के लुधियाना से आए एक सैलानी के द्वारा सड़क पर कूड़ा फेंक दिया गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एसडीएम ने बीच सड़क पर ही सैलानी को रोक लिया और उसकी जमकर क्लास लगा दी। इस दौरान सैलानी माफी मांगता नजर आया। जानकारी के अनुसार लुधियाना से मनाली घूमने आए एक टूरिस्ट ने पिज्जा खाने के बाद उसका रेपर बीच सड़क पर फेंक दिया। कुल्लू से मनाली जा रहे दबंग एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने कूड़ा फेंकने वाले टूरिस्ट को देख लिया। इसके बाद, एसडीएम अपनी गाड़ी से उतरे और स्वच्छता का महत्व बताते हुए टूरिस्ट को फटकार लगाई। एसडीएम ने कहा कि खुलेआम कूड़ा फेंकने में ‘शर्म नहीं आती’? तुमने डोमिनोज का पिज्जा खाया और सड़क पर फेंककर चल पड़े। ‘व्हाट इज दिस नॉनसेंस’, उन्होंने कहा कि यह कूड़ा हिमाचल के अंदर नहीं दिखना चाहिए। इस पर टूरिस्ट ने कहा कि पंजाब में फेंकूंगा, तब एसडीएम ने कहा कि पंजाब में भी कूड़ेदान में फेंकना है। आखिर में एसडीएम ने टूरिस्ट की गाड़ी की जांच के निर्देश दिए। एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि सड़क पर कूड़ा फेंकने वाले टूरिस्ट को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि कूड़ा फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान लॉन्च किया जा रहा है और चालान बुक प्रिंट की जा रही है।