मनीला - फिलीपींस में पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या
फिलीपींस - बी बी आई टी डेस्क
फिलीपींस की राजधानी मनीला में पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई,जोकि पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव दौलतपुरा का निवासी बताया गया है।मृतक की पहचान रणजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ मनीला में रहकर फाइनेंस का कारोबार करता था। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात 8 मई को उस समय हुई जब रणजीत सिंह अपने काम के सिलसिले में बाइक पर बाजार जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उसका पीछा किया और अचानक उस पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने पॉइंट ब्लैंक रेंज से रणजीत सिंह के सिर के पीछे गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फिलीपींस पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से गोलियों के पांच खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी। लेकिन पुलिस को शक है कि हत्या का संबंध रणजीत सिंह के फाइनेंस कारोबार से हो सकता है।