Thursday, 19 November 2026
मनोज अग्रवाल बोले – पंजाब को नशामुक्त, अपराधमुक्त और भ्रष्टाचार.मुक्त बनाने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी

मनोज अग्रवाल बोले – पंजाब को नशामुक्त, अपराधमुक्त और भ्रष्टाचार.मुक्त बनाने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी

एक मुलाकात 

मनोज अग्रवाल बोले – पंजाब को नशामुक्त, अपराधमुक्त और भ्रष्टाचार.मुक्त बनाने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी

'पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाऊंगा, जालन्धर मेरी कर्मभूमि और मेरा दिल है'

जालन्धर के अग्रवाल समाज के जाने माने चेहरे मनोज अग्रवाल से विग बाॅस इण्डिया टूडे के मुख्य संपादक रमेश महेन्द्रू से विशेष मुलाकात 

मधुभाषी, हंसमुख स्वभाव और चेहरे पर सदैव मुस्कान रखने वाले मनोज अग्रवाल पेशे से व्यापारी होने के साथ-साथ समाजसेवा और राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी, पंजाब प्रदेश कमेटी के मौजूदा कार्यकारिणी सदस्य मनोज अग्रवाल का राजनीतिक और सामाजिक सफर काफी लंबा रहा है। उन्होंने कांग्रेस से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की और कांग्रेस कमेटी में ब्लॉक प्रधान, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन सचिव तथा महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2022 में कांग्रेस छोड़कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों, भाजपा की संगठनात्मक विचारधारा और राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

मनोज अग्रवाल अग्रवाल समाज के पूर्व सभापति, अग्रवाल समाज के पूर्व युवा अध्यक्ष तथा पंजाब सरकार के अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड के वर्ष 2021 से 2022 तक चेयरमैन भी रह चुके हैं। वर्तमान में वह अग्रवाल संगठन पंजाब के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

सवाल : आपका कांग्रेस से भाजपा तक का राजनीतिक सफर कैसा रहा?

मनोज अग्रवाल : मैंने राजनीति में लंबे समय तक कांग्रेस के साथ काम किया। संगठन में ब्लॉक प्रधान से लेकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन सचिव और महासचिव तक की जिम्मेदारियां निभाईं। लेकिन वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों, देश के प्रति उनकी सोच, भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रभावित होकर मैंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। मेरा मानना है कि पंजाब की मौजूदा परिस्थितियों में भाजपा ही प्रदेश को एक नई दिशा और बेहतर भविष्य दे सकती है।

सवाल : पंजाब की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक स्थिति को आप किस नजरिये से देखते हैं?

मनोज अग्रवाल : आज पंजाब अनेक गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। नशा, गैंगस्टरवाद, अपराध, फिरौती और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं आम जनता के लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं। आज गैंगस्टर वार और गोलीकांड की घटनाएं आम बात होती जा रही हैं। नशे के विरुद्ध आवाज उठाने वालों को सरेआम गोली मार दी जाती है। आम आदमी की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। पंजाब को इन परिस्थितियों से बाहर निकालने के लिए मजबूत नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता है। मेरा विश्वास है कि भाजपा की सरकार आने पर ही पंजाब को नशामुक्त, अपराधमुक्त और फिरौतीमुक्त बनाने की दिशा में ठोस काम हो सकेगा।

सवाल : कांग्रेस के शासन और भाजपा शासित राज्यों के विकास की आप किस प्रकार तुलना करते हैं?

मनोज अग्रवाल : कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। इसके विपरीत हरियाणा और दिल्ली में भाजपा की सरकारों के दौरान विकास के अनेक कार्य हुए हैं। दिल्ली में भाजपा सरकार आने के बाद यमुना की सफाई को लेकर काम किया गया है। केन्द्र सरकार की योजनाएं देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही हैं। रेलवे की अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेनें देश को नई गति दे रही हैं। यही बदलते भारत की तस्वीर है।

सवाल : पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भाजपा की क्या रणनीति है?

मनोज अग्रवाल : पंजाब की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बीएसएफ को अधिक शक्तिशाली बनाने के लिए कदम उठाए हैं, ताकि सीमा पार से आने वाली नशे की सप्लाई को रोका जा सके। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए 31 दिसम्बर 2027 की समयसीमा निर्धारित की है। भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करने में विश्वास रखती है। पार्टी ने जो वायदे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाया है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना इसका बड़ा उदाहरण है।

सवाल : आपने जालन्धर में भाजपा के लिए किस प्रकार काम किया है?

मनोज अग्रवाल : वर्ष 2023 में जालन्धर केन्द्रीय और जालन्धर कैंट विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में प्रचार किया। मेरा जालन्धर से विशेष लगाव है। जालन्धर शहर मेरी कर्मभूमि है और मेरा दिल भी। यहां के लोगों के सुख-दुख में शामिल होना और समाज के लिए काम करना मेरी प्राथमिकता है। पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत से पूरा करूंगा।

सवाल : जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट के लिए आपकी दावेदारी की चर्चा है। क्या आप चुनाव लड़ना चाहेंगे?

मनोज अग्रवाल : चुनाव लड़ने की इच्छा तो हर राजनीतिक कार्यकर्ता के मन में होती है। मैं भी चाहता हूं कि मुझे जनता की सेवा करने का अवसर मिले। यदि पार्टी मुझ पर विश्वास जताकर जालन्धर केन्द्रीय से टिकट प्रदान करती है तो मैं पीछे नहीं हटूंगा। पूरी मेहनत से चुनाव लड़ूंगा और जीत हासिल करके पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने में अपना योगदान दूंगा। हालांकि टिकट देने का निर्णय पार्टी हाईकमान का होता है और मैं उसके निर्णय का सम्मान करता हूं।

सवाल : जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र में अग्रवाल समाज के मतदाताओं की कितनी भूमिका है?

मनोज अग्रवाल : जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र में अग्रवाल समाज के लगभग 25 से 30 हजार वोट हैं। यह एक बड़ा सामाजिक और मतदाता वर्ग है। अग्रवाल समाज का क्षेत्र के व्यापार, सामाजिक और आर्थिक जीवन में भी महत्वपूर्ण योगदान है। मैं समाज के लोगों के साथ लगातार जुड़ा हुआ हूं और उनकी समस्याओं तथा अपेक्षाओं को समझता हूं।

सवाल : राकेश राठौर के जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को आप किस रूप में देखते हैं?

मनोज अग्रवाल : यह निर्णय पार्टी हाईकमान का है। भाजपा संगठन जिस भी प्रत्याशी को मैदान में उतारेगा, हम सभी मिलकर उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। हमारे लिए संगठन और पार्टी की जीत सर्वोपरि है।

सवाल : भाजपा में आपके राजनीतिक मार्गदर्शक कौन हैं?

मनोज अग्रवाल : मनोरंजन कालिया हमारे नेता हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के मार्गदर्शन में काम करना मेरे लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

पंजाब के भविष्य को लेकर आशावान

साक्षात्कार के अंत में मनोज अग्रवाल ने कहा कि पंजाब की जनता आज बदलाव चाहती है। प्रदेश को नशे, अपराध, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो मजबूत संगठन, राष्ट्रहित की सोच और विकास के संकल्प के साथ पंजाब को आगे ले जा सकती है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना है। पार्टी उन्हें जो भी दायित्व देगी, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।

मनोज अग्रवाल का स्पष्ट संदेश है – पंजाब का भविष्य सुरक्षित, विकसित और नशामुक्त बनाना है तो प्रदेश में मजबूत भाजपा सरकार का आना जरूरी है।

Published on: 16 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111