महानगर की तस्वीर बदलना मेरी जिम्मेदारी
जनता का विश्वास मेरी ताकत,विश्वास को कायम रखना मेरी प्राथमिकता होगी - मेयर वनीत धीर
जालंधर - नूपुर महेन्द्रू
आम आदमी पार्टी द्वारा जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज नियुक्त किए जाने के बाद मेयर वनीत धीर ने कहा कि जालंधर महानगर और विशेष रूप से नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा, समर्पण व ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
मेयर धीर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि मेयर के रूप में पिछले 18 महीनों के कार्यकाल के दौरान शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और अब नई जिम्मेदारी के तहत विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाएगा। क्षेत्र में टूटी सड़कों, सीवरेज, पेयजल, सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा जलभराव जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही लोगों की जरूरतों के अनुरूप नई विकास योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा।
वनीत धीर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि जालंधर को एक व्यवस्थित, आधुनिक और बेहतर शहर के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण पर नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में कुछ माह का समय है और फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों पर केंद्रित है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास को कायम रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।