मोहाली - खरड़ इन्सानियत हूई शर्मसार - नौकर ने किया मालकिन पर जानलेवा हमला
नौकर 3.10लाख नगद,12तोले सोने के गहने व मोबाइल लेकर फरार
महिला अस्पताल में भर्ती, 9 जगह चोट के गहरे निशान,70 लगे टांके, हालत गंभीर
मोहाली - बिग बॉस इंडिया टूडे
मोहाली के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आयुर्वेदिक क्लीनिक संचालिका ने जिस युवक पर दया दिखाकर उसे नौकरी दी, उसी ने घर में घुसकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
आरोपी ने महिला के सिर पर बेलन से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी घर से करीब 3 लाख 10 हजार रुपए नकद, 12 तोले सोना और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घायल महिला की पहचान 50 वर्षीय शबनम के रूप में हुई है, जो मोहाली के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी की रहने वाली हैं।
उन्हें गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर में करीब 65 से 70 टांके लगे हैं, जबकि शरीर पर कुल 9 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद घर से भागता दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। खरड़ सिटी थाना पुलिस ने आरोपी की पहचान हीरा लाल उर्फ हैरी निवासी अररिया, बिहार के रूप में की है, जिसे 5 दिन पहले ही काम पर रखा गया था।। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 309(6) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डॉ. साबिर के मुताबिक, उनकी पत्नी 7 मई को अपनी कार से देहरादून जा रही थीं तो वह रास्ते में नाहन के पास एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकीं। वहीं उनकी मुलाकात हीरा लाल से हुई। युवक ने खुद को अनाथ बताते हुए कहा कि कोरोना काल में उसके माता-पिता की मौत हो गई थी। उसने यह भी बताया कि वह ढाबे पर काम करता है, लेकिन वहां उसे पूरा वेतन नहीं मिलता और 15-15 घंटे तक काम कराया जाता है। उसकी कहानी सुनकर शबनम को उस पर दया आ गई। उन्होंने युवक को अपना मोबाइल नंबर दे दिया और कहा कि यदि वह मोहाली आना चाहे तो उनके यहां काम मिल सकता है।