मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने किया बेल्थरा रोड स्टेशन का निरीक्षण
बेलथरा रोड़ - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्टेशन अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडलीय अधिकारियों के साथ मऊ–सलेमपुर–बरहज रेलखंड के निरीक्षण के दौरान बेल्थरा रोड स्टेशन का विधिवत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पैनल,प्लेटफार्म,पैदल उपरिगामी पुल,सर्कुलेटिंग एरिया,दिव्यांग रैम्प समेत विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया ।
यात्री सुविधा विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 02 एवं 03 पर निर्माणाधीन हाई लेवल प्लेटफार्मों का मापन कराया और प्लेटफार्म की सरफेस का शीघ्र निर्माण करने, खराब वाटर कूलर हटाने, स्टेशन पैनल के अनुरक्षण, पुराने पीआरएस/यूटीएस कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पार्किंग में पाथवे निर्माण कराने तथा पे-एंड-यूज़ शौचालय को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही बेल्थरा रोड स्टेशन पर रेल परिसम्पतियों के यथोचित रख-रखाव,रेलवे भूमि के सदुपयोग एवं स्टेशन परिसर की व्यापक साफ-सफाई हेतु भी सम्बंधित को दिशा निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त राजकीय रेल पुलिस के लिए शौचालय निर्माण तथा पुराने रिले रूम में रेलवे सुरक्षा बल के लिए कक्ष उपलब्ध कराने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय) आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विद्युत(सामान्य) कुंवर सिंह, यादव,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर(समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह सहित वरिष्ठ पर्वेक्षक उपस्थित थे।