लुधियाना में आटो गैंग सक्रिय - हथियारों के बल पर 7 सवारियों से लूट
लुधियाना - बी बी आई टी न्यूज
शहर में अब ऑटो गैंग का आतंक देखने को मिल रहा है। ताजा मामले में दरेसी थाना इलाके में एक ऑटो में सवार 7 लोगों को ऑटो चालक और उसके गुंडों ने मौत का खौफ दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया। गौतमबुद्ध नगर से दिलीप कुमार मोरिया अपनी बहन से मिलने लुधियाना आए थे। स्टेशन से उतरकर वो अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए एक ऑटो में बैठे। उस ऑटो में पहले से ही कुछ और सवारियां मौजूद थीं। अचानक ऑटो चालक के दो साथियों ने अपना असली रंग दिखाया। उन्होंने अचानक एक धारदार हथियार (दातर) निकाल लिया और ऑटो में बैठी सभी 7 सवारियों पर तान दिया हथियार देखते ही ऑटो में चीख-पुकार मच गई, लेकिन लुटेरों ने मौत का डर दिखाकर सबको चुप करा दिया।
लुटेरों ने पहले बाकी सवारियों से नकदी और कीमती सामान छीना। इसके बाद उन्होंने दिलीप का मोबाइल फोन छीन लिया और जबरन उसके फोन से 4 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 58,300 रुपये गगन पीर नाम के एक शख्स के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
सवारियों को लूटने के बाद, इन बेखौफ बदमाशों ने दिलीप को बस्ती जोधेवाल के बॉम्बे टायर इलाके के पास ऑटो से धक्के मारकर उतार दिया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। उसके बाद पीड़ित ने दरेसी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले की जांच ASI हरपाल सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने गगन पीर (लुधियाना वासी) और दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।