लुधियाना इमीग्रेशन कारोबारी से मांगी फिरौती - ना देने पर जान से मारने की धमकी
लुधियाना - एस एन एन
पंजाब में व्यापारियों और कारोबारियों से फिरौती मांगने के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे है। आए दिन गैंगस्टरों द्वारा ऐसे मामले सामने आते रहते है यहां फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।
पंजाब के जिला लुधियाना में इमिग्रेशन कारोबारी से फिरौती मांगी गई है। बताया जा रहा है कि विदेश में बैठे एक आरोपी ने फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है।
पीड़ित कर्णप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 मई से उनके मोबाइल फोन पर लगातार धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप मैसेज आ रहे हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय नंबर (+6042457322) का इस्तेमाल कर रहा है और 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है। आरोपी ने पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी है।
शिकायत में कारोबारी ने बताया कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान घनश्याम पुरिया के रूप में बताई है, जो पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला है। आरोपी ने दावा किया कि वह फिलहाल इंग्लैंड में रह रहा है और वहीं से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी और संबंधित अंतरराष्ट्रीय नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की साइबर सेल भी मामले की जांच में जुट गई है।