लुधियाना चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
चौकीमान - एस एन एन
लुधियाना जिले के चौकीमान के नजदीक उस समय बड़ा हादसा टल गया जब आधी रात करीब 1 बजे चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से कैबिन में आग भड़क उठी थी। जिसे देखकर चालक ने तुरंत सूझबूझ से काम लिया और ट्रक सड़क किनारे पर रोक दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की तेज लपटों और गर्मी के कारण ट्रक चालक पुष्पिंदर सिंह निवासी हैबोबाल ने तुरंत ट्रक से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और चालक बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। थाना सदर के अधीन पड़ती चौकीमान चौकी के इंचार्ज रणधीर सिंह ने बताया कि यह मामला दाखा क्षेत्र में आता है और आगे की कार्रवाई दाखा पुलिस द्वारा की जाएगी।