लोको पायलटों की सजगता से सुरक्षित होता है रेल परिचालन : डीआरएम
लोको पायलटों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए हुआ सेफ्टी सेमिनार
लोको पायलटों की सजगता से सुरक्षित होता है रेल परिचालन : डीआरएम
समस्तीपुर - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
सुरक्षित और निर्बाध रेल परिचालन में लोको पायलटों की भूमिका सबसे अहम है। ट्रेन संचालन के दौरान उन्हें हर परिस्थिति में सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल की ओर से लोको पायलटों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के लिए समस्तीपुर जंक्शन परिसर में सेफ्टी सेमिनार आयोजित किया गया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि लोको पायलट रेल परिचालन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें तकनीकी जिम्मेदारियों के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक दबाव का भी सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सजगता के साथ ट्रेन का परिचालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेलकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रेलवे की ओर से विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं।
डीआरएम ने लोको पायलटों से परिचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने, किसी भी असामान्य परिस्थिति में तत्काल उचित कार्रवाई करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। सेमिनार में लोको पायलटों की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान डीआरएम ने समस्तीपुर जंक्शन का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने स्टेशन स्थित भोजनालय पहुंचकर खाद्य सामग्री और खान-पान की व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके अलावा प्लेटफार्म और विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को भी देखा। रेल मंडल की ओर से लोको पायलटों की काउंसलिंग और सुरक्षा जागरूकता को लेकर दरभंगा, नरकटियागंज और सहरसा समेत मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी सेफ्टी सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में लोको पायलटों के साथ सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा कर परिचालन को और सुरक्षित बनाने के उपायों पर मंथन किया जाएगा।
सेमिनार में वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक गौरव कुमार, मुख्य क्रू निरीक्षक पप्पू कुमार, स्टेशन अधीक्षक निलेश कुमार, राजन वीरनवे, अविनाश क्रोशिया, बृजेश कुमार, एसके बैरियर समेत अन्य रेल अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
🖼️ Photo Gallery
Sponsored
Promote Your Local Business Here
Reach nearby readers with your shop, service, or event. Book this ad slot today.