कीज़ होटल में चल रहे अवैध जुआ खेलने वाले गिरोह का भंडाफोड़
होटल मालिक सहित 8 लोग गिरफ्तार
लुधियाना - एस एन एन
पंजाब पुलिस ने होटल में अवैध जुआ खेलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने होटल मालिक सहित 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों काबू किया है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के जिला लुधियाना में अवैध जुआ खेलने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सदर की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कीज़ होटल में लोग ताश की गड्डियों पर पैसे का दांव लगा रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल में छापेमारी की और मौके पर ही 8 लोगों को रंगे हाथों काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार, ए.एस.आई. सूरज कुमार और उनकी टीम गश्त पर थे, तभी उन्हें मुखबिर से यह जानकारी मिली। होटल में दबिश डालते ही पुलिस को अंदर हड़कंप मचता देखा गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में होटल मालिक नवीन और सात अन्य शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ताश की गड्डियां और करीब 1,00,000 रुपए की नकदी बरामद की। बताया जा रहा है कि यह जुआ अड्डा काफी समय से सक्रिय था। सभी आरोपियों को थाने ले जाकर जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।